कानपुर में प्रतिबंधित मांस की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार शातिर आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के जूही क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोवंशीय पशुओं की अवैध खरीद-फरोख्त एवं वध करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक गोवंशीय पशु, अवैध वध में प्रयुक्त होने वाले धारदार हथियार तथा अवैध असलहे बरामद किए हैं। 

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने सोमवार को बताया कि क्राइम ब्रांच एवं एडीसीपी ऑपरेशन सुमित सुधाकर रामटेके की टीम को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग सस्ते दामों पर गोवंशीय पशुओं की खरीद कर उनका अवैध वध कर मांस बेचने का कार्य कर रहे हैं। यह सूचना थाना जूही समेत आसपास के थानों के साथ भी साझा की गई थी।

इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन टीमें गठित कर जूही क्षेत्र में घेराबंदी की। रविवार देर रात पुलिस टीमों ने एक गोवंशीय पशु के साथ जा रहे कुछ लोगों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम जी तिवारी निवासी रायपुरवा तथा मोहम्मद आमिर निवासी चमनगंज के रूप में हुई। उनके कब्जे से एक गोवंशीय पशु, जिसके गले में रस्सी बंधी थी, तथा दो प्लास्टिक बैगों में रखे चापड़, चाकू और अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे परमपुरवा, जूही क्षेत्र के आसपास सड़क किनारे, रेलवे ट्रैक के निकट अथवा सुनसान एवं खाली मकानों में गोवंशीय पशुओं का वध कर उनका मांस बेचते थे। उन्होंने फरार आरोपियों के नाम मोहम्मद चाँद और मोहम्मद रेहान बताए, जो सगे भाई हैं और जूही के परमपुरवा क्षेत्र के निवासी हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया तथा आसपास के थानों को सतर्क किया गया। 

इसके बाद 15 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी स्वदेशी कॉटन मिल ग्राउंड के पास मौजूद हैं और भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर थाना जूही एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। 

पुलिस ने घायल आरोपियों की पहचान मोहम्मद चाँद और मोहम्मद रेहान के रूप में की। उनके कब्जे से एक-एक तमंचा, जिंदा कारतूस तथा खोखा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने भी गोवंशीय पशुओं की खरीद कर अवैध वध एवं मांस बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मानवाधिकार संबंधी प्रावधानों का पालन करते हुए घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। 

चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोप पत्र दाखिल होने के बाद आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में भी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की टीम, एडीसीपी ऑपरेशन सुमित सुधाकर रामटेके की टीम, एसीपी बाबूपुरवा, इंस्पेक्टर गोविंद नगर तथा आसपास के थानों की पुलिस फोर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

संबंधित समाचार