Uterine Cancer Awareness: SGPGI में कैंसर वॉरियर्स हुईं सम्मानित, 250 महिलाओं ने लिया हिस्सा
लखनऊ, अमृत विचार : एसजीपीजीआई में शनिवार को गर्भाशय कैंसर जागरूकता माह के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन इंटरनेशनल गायनेकोलॉजिक कैंसर सोसाइटी की पहल पर जून माह में मनाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत किया गया।
कार्यक्रम में कैंसर से जंग जीत चुकी महिलाओं को ‘कैंसर वॉरियर्स’ के रूप में सम्मानित किया गया। पीजीआई निदेशक डॉ. आरके धीमान, सीएमएस डॉ. देवेंद्र गुप्ता और गायनेकोलॉजी ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अंजू रानी ने इन महिलाओं को सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान वॉरियर्स ने अपने संघर्ष और उपचार यात्रा के प्रेरक अनुभव साझा कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. अंजू रानी, डॉ. इंदुलता, डॉ. सुषमा और डॉ. निधि सिंह ने गर्भाशय कैंसर के शुरुआती लक्षणों, जोखिम कारकों तथा जीवनशैली में आवश्यक बदलावों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समय पर जांच और नियमित स्क्रीनिंग को बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताया।
कार्यक्रम में ओपन हाउस चर्चा, क्विज और पोस्टर प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। करीब 250 महिलाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया।
