International Yoga Day : राजधानी लखनऊ समेत UP में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में आज 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। राज्य के विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
पूरे प्रदेश में स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, पुलिस लाइनों, जेलों और सार्वजनिक स्थलों पर योग शिविर आयोजित किए गए। वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा, कानपुर, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़, लखीमपुर खीरी, बस्ती, देवरिया, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित सभी जिलों में सुबह से योग रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।

महिला स्वयंसेवी संगठनों, एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर लोगों को योग के स्वास्थ्य लाभों के बारे में बताया।सरकार ने इस बार ‘योग से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से समृद्धि’ के नारे के साथ व्यापक अभियान चलाया।
योग दिवस पर 36 बिरादरी ने मिलकर रचा 'स्वस्थ भारत' का संकल्प
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुरादाबाद मंडल में 36 बिरादरी के लोगों ने मिलकर 'स्वस्थ भारत' का संकल्प लिया। भाजपा विधायक राजीव तरारा ने कहा कि योग शिविरों के माध्यम से ही स्वस्थ भारत का सपना साकार होगा। '12-12-12' थीम पर मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल में सामूहिक योगाभ्यास हुआ, जिसमें 1200 लोगों की भागीदारी रही।
स्कूलों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, स्टेडियमों, गंगा तट और सरकारी कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रशासन, किसान, व्यापारी और आमजन ने एकजुट होकर योग किया। इस अवसर पर आधुनिक योग के जनक बी.के.एस. अयंगर को भी श्रद्धांजलि दी गई। मुरादाबाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
लखनऊ में भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने योग किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज दुनिया के 170 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का वैश्विक संकल्प है।
मैनपुरी में मंत्री जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग दिवस के माध्यम से भारत की संस्कृति और ऋषि-मुनियों की विरासत को विश्व स्तर पर पहचान मिली है।
बदायूं में मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में योग को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रयागराज में संगम तट की रेत पर सैंड आर्ट बनाई गई, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को योग करते हुए दर्शाया गया। कलाकार ने बताया कि यह कला योग की पीढ़ी दर पीढ़ी चल रही परंपरा को दर्शाती है।
मिर्जापुर में मंत्री आशीष सिंह पटेल ने इस वर्ष के योग दिवस के विषय ‘हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ बुढ़ापा) पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में सहायक है।
महाराजगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम योगदान दिया है। वहीं गाजियाबाद में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने योग को जीवन को संतुलित, स्वस्थ और अनुशासित बनाने वाला बताया।
कौशांबी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डायट मैदान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसका शुभारंभ अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार फौजी, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष जिला पंचायत ने कहा कि योग हमारे स्वास्थ्य, संस्कृति और समृद्ध विरासत का अभिन्न अंग है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है।
वाराणसी में गंगा घाटों, विश्वविद्यालय परिसरों से लेकर स्टेडियम तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इसी क्रम में सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा स्टेडियम परिसर योगमय हो गया। आयुष मंत्रालय के मुख्य प्रशिक्षक इदल प्रसाद के कुशल निर्देशन में सैकड़ों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक साथ चटाई बिछाकर योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रोटोकॉल के तहत मंत्रोच्चार के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। राज्य भर में योग दिवस के अवसर पर लोगों ने स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
