सीतापुर में पुलिस हिरासत से छूटकर घर लौटे युवक की कुछ घंटों बाद मौत, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
सीतापुर, अमृत विचार : सीतापुर में पुलिस हिरासत से छूटकर आए चोरी के एक आरोपी युवक की चंद घंटों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। इस पर हंगामा खड़ा हो गया है। परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग उठाई है। इस आरोप के साथ कि मृतक मुन्नीलाल को थर्ड डिग्री दी गई थी।
हालांकि पुलिस ने हिरासत के दौरान युवक की पिटाई के आरोपों को खारिज किया है। उधर, मुहल्ले में शोक है और परिजन जांच की मांग उठा रहे हैं। मामला नगर क्षेत्र के हुसैनगंज का है। परिवार के मुताबिक, जमालपुर गांव के संजय के यहां 24 अप्रैल को चोरी हुई थी।
इस मामले में उन्होंने 16 जून को मछरहेटा थाने में मुन्नीलाल के विरुद्ध शिकायत र्द कराई थी। इसी प्रकरण में पुलिस ने पूछताछ के लिए मुन्नीलाल को हिरासत में लिया। लेकिन हिरासत से छूटने के कुछ घंटों बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुन्नीलाल की मौत से घरवाले बिलख रहे हैं। पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

परिजनों का दावा है कि मुन्नीलाल को थाने में टॉर्चर किया गया था। हिरासत से छूटकर आने पर उन्होंने अंदरूनी चोटों की बात कही थी। घर पर वह दर्द से तड़पते रहे और बाद में दम तोड़ दिया। मुन्नीलाल की मौत ने शहर के हुसैनगंज के इस दलित परिवार को गहरे संकट में डाल है। मुन्नीलाल के पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। कुछ माह पहले मां और भाई की भी मौत हो गई थी।
घर में अब केवल भाभी और अन्य आश्रित सदस्य हैं, जिनकी रोजी-रोटी का सहारा मुन्नीलाल की मजदूरी थी। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद घर के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। भाभी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार न्याय के साथ-साथ जीविकोपार्जन की चिंता में भी डूबा हुआ है।
वहीं मछरहेटा के थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने कहा कि 24 अप्रैल को संजय के घर चोरी हुई थी। संजय और मुन्नीलाल आपस में रिश्तेदार हैं। शिकायत के आधार पर मुन्नीलाल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। मुन्नीलाल ने कहा था कि उसने चोरी नहीं की है, लेकिन यदि उस पर आरोप लगाए जा रहे हैं तो वह रुपये वापस कर देगा।
इसके बाद चौकी पर्षदा में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समझौता कराया गया था। समझौते के बाद मुन्नीलाल अपने परिजनों के साथ घर चला गया था। रविवार को मुन्नीलाल की मृत्यु की सूचना मिली। मृतक के परिजनों ने रिश्तेदार संजय पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मुन्नीलाल के साथ किसी प्रकार की प्रताड़ना या मारपीट नहीं की गई है।
