बलिया सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम
बलिया, अमृत विचार। जिले में शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घर लौट रहे थे दोनों युवक
पुलिस के अनुसार करमौता गांव निवासी धर्मेंद्र यादव (20) अपने रिश्ते में बुआ के बेटे सोनू यादव (18) के साथ शनिवार रात करीब 11 बजे सिकंदरपुर से मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मिर्जापुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। सोनू यादव की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए मऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
दो गांवों में पसरा मातम
धर्मेंद्र यादव सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के करमौता गांव का निवासी था, जबकि सोनू यादव मनियर थाना क्षेत्र के बड़की बारी गांव का रहने वाला था। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात चालक की तलाश
सिकंदरपुर थाना प्रभारी मूलचंद्र चौरसिया ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
