Meerut News: मेरठ में तेज रफ्तार इनोवा ने पुलिस गश्ती जीप को मारी टक्कर, सात पुलिसकर्मी घायल, दो की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

मेरठ, अमृत विचार। यूपी के मेरठ जिले में शनिवार देर रात उस वक्त तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित इनोवा कार ने पुलिस की गश्ती जीप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा दिल्ली रोड पर टीपी नगर गेट के सामने हनुमान मंदिर के पास रात करीब ढाई बजे हुआ। दुर्घटना में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

गश्त पर थी पुलिस टीम

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुलिस के गश्ती वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर खड़ी पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।

दो पुलिसकर्मी गंभीर

हादसे में सात पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें से पांच को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों का अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

एक युवक हिरासत में

पुलिस ने इनोवा कार में सवार एक युवक को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने संबंधित थाना पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

तेज रफ्तार बनी वजह

प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुर्घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

ये भी पढ़ें:- 

संबंधित समाचार