India’s Got Latent 2 में छाया ‘शराबी’ एक्ट, सुकृत देव को आलिया भट्ट का बड़ा टैग

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मशहूर कॉमेडियन समय रैना के बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' (India's Got Latent)  के दूसरे सीजन का धमाकेदार आगाज हो चुका है। शनिवार, 20 जून को यूट्यूब पर रिलीज हुए पहले ही एपिसोड ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस प्रीमियर एपिसोड में बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट और शरवरी वाघ बतौर जज नजर आईं। शो में कलाकारों के बेबाक रोस्टिंग के बीच एक मराठी रंगमंच कलाकार ने अपनी कलाकारी से ऐसा समां बांधा कि हर कोई दंग रह गया। हम बात कर रहे हैं सुकृत देव की, जिन्होंने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से रातों-रात इंटरनेट सनसनी बनने का गौरव हासिल कर लिया है।

किरदार में ऐसे डूबे कि आलिया भट्ट के 'कट' कहने पर भी नहीं रुके

पिछले छह वर्षों से मराठी थिएटर में सक्रिय सुकृत देव ने इस मंच पर एक शराबी व्यक्ति का जीवंत स्वांग रचा। उनकी एक्टिंग इस कदर वास्तविक थी कि पूरा हॉल ठहाकों और तालियों से गूंज उठा। कमाल की बात यह रही कि एक्ट खत्म होने के बाद भी सुकृत अपने कैरेक्टर से बाहर नहीं आए। यहाँ तक कि जब खुद मुख्य अतिथि आलिया भट्ट ने मंच पर आकर 'कट' बोला, तब भी वह उसी अंदाज में डटे रहे। सुकृत की इस बेजोड़ प्रतिभा से प्रभावित होकर आलिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्हें - 'लीजेंड'-  घोषित करते हुए प्रशंसकों से इस युवा कलाकार का हौसला बढ़ाने की अपील की।

कविता सुन भावुक हुईं शरवरी-आलिया, मिला स्टैंडिंग ओवेशन

अभिनय के तुरंत बाद सुकृत ने एक कलाकार के संघर्ष और जीवन को बयां करती हुई एक बेहद खूबसूरत कविता प्रस्तुत की। इस भावुक कविता ने वहां मौजूद हर शख्स के रोंगटे खड़े कर दिए। आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और समय रैना समेत सभी जजों ने अपनी सीट से खड़े होकर (स्टैंडिंग ओवेशन) सुकृत का सम्मान किया। इस कदर सराहना पाकर सुकृत मंच पर ही रो पड़े, जिसके बाद पैनलिस्ट बलराज घई ने आगे बढ़कर उन्हें गले से लगा लिया। इस भावुक पल को देखकर आलिया भट्ट की आंखें भी नम हो गईं।

6 साल का संघर्ष और सिर्फ एक रात में बदली दुनिया

सुकृत ने बताया कि वह लंबे समय से क्षेत्रीय रंगमंच से जुड़े हैं और कुछ धारावाहिकों में छोटे-मोटे किरदार भी निभा चुके हैं, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पा रही थी जिसके वे हकदार थे। 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' का हिस्सा बनते ही उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। शो के लाइव होते ही इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 8 हजार से रॉकेट की रफ्तार से बढ़कर 1 लाख 35 हजार के पार पहुंच गई। सुकृत ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर समय रैना और पूरे शो की टीम का इस बेहतरीन मंच के लिए आभार व्यक्त किया है।

 

संबंधित समाचार