Bahraich News: 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम पर बहराइच में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ''स्वस्थ आयु के लिए योग'' थीम के तहत विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ''स्वस्थ आयु के लिए योग'' थीम के तहत विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता कर योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया। 

कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना और देखा। मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्यमंत्री राकेश कुमार राठौर (गुरु जी) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 

उनके साथ सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, भाजपा महामंत्री रणविजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, अशोक जायसवाल, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। 

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक जय प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग सत्र में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मनरेगा श्रमिकों, स्वयंसेवी संगठनों, ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि नगर विकास राज्यमंत्री राकेश कुमार राठौर (गुरु जी)ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया। 

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक जनपद में योग सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील, ब्लॉक, ग्राम पंचायत, विद्यालय, महाविद्यालय, धार्मिक एवं सामुदायिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। 

योग सप्ताह का समापन चित्तौरा झील स्थित महाराजा सुहेलदेव स्मारक परिसर में आयोजित विशेष योग सत्र के साथ हुआ, जहां प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग तथा जनपद के नोडल अधिकारी रणवीर प्रसाद के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास संपन्न हुआ। 

आयुष विभाग के अनुसार जनपद में आयुष विभाग, वन विभाग, पर्यटन विभाग, शिक्षा विभाग, न्याय विभाग, महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज, सर्वेश शुक्ल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पुलिस लाइन तथा विभिन्न निजी संस्थाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने योग कार्यक्रमों में भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं अधिकारियों को स्मृति चिन्ह स्वरूप तुलसी का पौधा भेंट किया गया। मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. प्रीति सिंह ने किया।  इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरोज शंकर राम, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. यूसुफ अली अंसारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष डॉ. प्रभात कुमार मिश्र, डॉ. पीयूष नायक सहित आयुष विभाग के चिकित्साधिकारी, खेल प्रेमी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार