लखीमपुर खीरी न्यूज: गन्ने के खेत से पिंजरे में कैद हुआ खूंखार तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। बेलरायां वन रेंज के मुर्तिहा क्षेत्र में रविवार सुबह वन विभाग को बड़ी सफलता मिली। वीर बाबा स्थान के पास गन्ने के खेत में लगाए गए पिंजरे में एक खूंखार तेंदुआ कैद हो गया। पिंजरे में चारे के रूप में बकरी बांधी गई थी। शिकार की तलाश में निकला तेंदुआ बकरी के लालच में पिंजरे के अंदर घुस गया और फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने से इलाके के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

कई दिनों से थी दहशत

मुर्तिहा और आसपास के गांवों में पिछले कई दिनों से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक वह अक्सर गन्ने के खेतों और गांव के आसपास दिखाई देता था। तेंदुए ने कई मवेशियों को अपना शिकार भी बनाया था, जिससे लोगों में दहशत का माहौल था। खेतों में जाने से भी ग्रामीण डरने लगे थे। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद वन विभाग ने इलाके में छह से अधिक पिंजरे लगाए थे।

टीम ने किया रेस्क्यू

तेंदुए के पिंजरे में फंसने की सूचना मिलते ही बेलरायां वन क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा इंतजामों के बीच तेंदुए को पिंजरे सहित रेंज कार्यालय ले जाया गया। वन विभाग की टीम ने पूरे अभियान को सावधानीपूर्वक अंजाम दिया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

मेडिकल के बाद छोड़ा जाएगा

वन क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन विभाग लगातार वन्यजीवों और ग्रामीणों दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काम कर रहा है।

तीन माह में सातवां तेंदुआ

भूपेंद्र सिंह के अनुसार, पिछले एक महीने में यह चौथा तेंदुआ है, जो पिंजरे में कैद हुआ है। वहीं बीते तीन महीनों में अब तक सात तेंदुओं का सफल रेस्क्यू किया जा चुका है। इससे पहले कटैला फार्म, सिंहौना, नौरंगाबाद, रननगर, सिंगहा और भेड़ौरी क्षेत्र से भी तेंदुओं को पकड़कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ा गया था। लगातार बढ़ती तेंदुओं की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग निगरानी बढ़ाए हुए है।

ये भी पढ़ें:- लखीमपुर खीरी: सीएलएफ में वर्षों से जमे अधिकारियों की संपत्ति जांच की मांग, NRLM से जुड़ी महिलाओं में आक्रोश, पूर्व मंत्री को सौंपा पत्र

संबंधित समाचार