Gorakhpur News: गोरखपुर में फर्जी अस्पताल बनाकर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से ठगी, गैंगस्टर एक्ट का आरोपी अफजल अंसारी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

गोरखपुर, अमृत विचार। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की पुलिस ने संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित आरोपी अफजल अंसारी को गिरफ्तार किया है। गगहा थाना क्षेत्र के नर्रे बुजुर्ग निवासी अफजल अंसारी पर अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी अस्पतालों के जरिए हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से धोखाधड़ी करने का आरोप है।

इलाज दिखाकर हड़पते थे रकम

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने गैंग के साथ मिलकर फर्जी अस्पताल संचालित करते थे और मरीजों को भर्ती दिखाकर बीमा कंपनियों से लाखों रुपये का क्लेम हासिल कर लेते थे। जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में बिना वास्तविक इलाज किए ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बीमा राशि वसूली जाती थी। इस तरह गिरोह सुनियोजित तरीके से बीमा कंपनियों और आम लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

रामगढ़ताल थाने में आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक अफजल अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में धोखाधड़ी से जुड़े कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

पूरे नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अस्पताल या स्वास्थ्य संस्था में इलाज कराने से पहले उसकी प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

ये भी पढ़ें:- Gorakhpur News: गोरखपुर में बैंक मैनेजर बनकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज