Gorakhpur News: गोरखपुर में बैंक मैनेजर बनकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

गोरखपुर, अमृत विचार। गोरखपुर पुलिस ने साइबर और आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अंतरजनपदीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना गोरखनाथ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिजनौर निवासी मोहित चावला और लखनऊ निवासी रोहित यादव को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

बैंक मैनेजर बनकर फंसाते थे लोग

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी या बैंक मैनेजर बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे फिक्स्ड डिपॉजिट पर अधिक ब्याज दिलाने, पुराने नोट बदलवाने और विशेष बैंक योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम ऐंठते थे। एक पीड़ित को इसी तरह लाखों रुपये की चपत लगाने की साजिश रची गई थी, जिसके बाद गोरखनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

गोरखपुर में बैंक मैनेजर बनकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

तकनीकी जांच से पहुंचे आरोपी तक

पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज और कई अहम संपर्क सूत्र बरामद हुए हैं। एसपी सिटी के मुताबिक मोहित चावला इस गिरोह का प्रमुख सदस्य है और विभिन्न जिलों में जाकर वारदातों को अंजाम देता था। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

अन्य साथियों की तलाश जारी

पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक इस गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर बैंकिंग संबंधी जानकारी या धनराशि साझा न करें।

ये भी पढ़ें:- Gorakhpur News: गोरखपुर में फर्जी अस्पताल बनाकर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से ठगी, गैंगस्टर एक्ट का आरोपी अफजल अंसारी गिरफ्तार

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज