ग्रेटर नोएडा न्यूज: यमुना एक्सप्रेसवे पर BJP विधायक राजेश चौधरी की एस्कॉर्ट गाड़ी को डंपर ने मारी टक्कर, एक पुलिसकर्मी की मौत, तीन घायल
गौतम बुद्ध नगर, ग्रेटर नोएडा, अमृत विचार। मथुरा की मांट विधानसभा से भाजपा विधायक राजेश चौधरी की एस्कॉर्ट गाड़ी रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। नोएडा क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट की ओर जाते समय तेज रफ्तार डंपर ने एस्कॉर्ट वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
एस्कॉर्ट में सवार थे चार पुलिसकर्मी
पुलिस के अनुसार, विधायक राजेश चौधरी के काफिले के साथ चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी में चार पुलिसकर्मी सवार थे। यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक पीछे से आए डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एस्कॉर्ट वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
.jpg)
एक जवान की मौत
दुर्घटना में हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह यादव की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। राजेंद्र सिंह यादव पुलिस लाइन्स मथुरा में तैनात थे। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
.jpg)
विधायक सुरक्षित
हादसे के समय भाजपा विधायक राजेश चौधरी का वाहन एस्कॉर्ट गाड़ी के आगे चल रहा था। वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
.jpg)
डंपर चालक की तलाश
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस डंपर चालक और वाहन की पहचान में जुटी है। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें:- Census 2027: प्रयागराज में जनगणना का पहला चरण पूरा, 12.12 लाख मकान और 71 लाख से ज्यादा आबादी का अनुमान
