Bareilly : गर्मियों की छुट्टियों के बाद वापसी की तैयारी, नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना भारी
अमृत भारत एक्सप्रेस में 25 जून का वेटिंग टिकट मिलना भी बंद
बरेली, अमृत विचार। गर्मियों की छुट्टियों खत्म होने जा रही हैं। यात्री घर आने की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। अमृत भारत एक्सप्रेस में वेटिंग टिकट भी मिलना बंद हो गया। स्पेशल ट्रेनों में कुछ राहत है, मगर यात्री स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी और उनके अतिरिक्त किराए की वजह से सफर करने से बच रहे हैं।
बेंगलुरू जाने वाली इकलौती स्पेशल ट्रेन की हालत बेहद खराब है। 05074 लालकुआं-बेंगलुरू स्पेशल ट्रेन में वेटिंग 115 पहुंच चुकी है। इस ट्रेन में 4 जुलाई तक कन्फर्म टिकटों की उपलब्धता नहीं। 12204 सहरसा गरीब रथ में वेटिंग 152 तक जा पहुंची थी। ट्रेन में जुलाई के आखिर में कहीं जाकर कन्फर्म टिकट मिल रहा है। 15904 चंडीगढ़ डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस की सभी श्रेणियां 25 जून तक पूरी तरह पैक हैं।
13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस, 12212 मुजफ्फरपुर गरीबरथ एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं। अमृतसर से न्यूजलपाईगुड़ी को जाने वाली ट्रेन 14664 अमृत भारत एक्सप्रेस में 25 जून को वेटिंग का टिकट तक मिलना बंद हो गया था।
मुंबई जाने वाली ट्रेनें पूरी तरह पैक
22976 रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस में 26 जून को 61, 03 जुलाई को 79 वेटिंग, 14314 लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस में 27 जून को स्लीपर में 57, 4 जुलाई को 65, थर्ड एसी में 27 जून को 37 व 4 जुलाई को 41 वेटिंग दिख रही है। वहीं ट्रेन 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस में 25 जून को 34, 2 जुलाई को 31, थर्ड एसी में 25 व 2 जुलाई को 16 वेटिंग है।
समर स्पेशल ट्रेनों में रूम बाकी
नियमित ट्रेनों का हाल भले ही बुरा हो मगर स्पेशल ट्रेनों में अभी जगह खाली है। 05576 सहरसा समर स्पेशल ट्रेन के अंदर 25 जून से 16 जुलाई तक लगभग स्लीपर व एसी सभी श्रेणियों में टिकट उपलब्ध हैं। 04014 लौखाबाजार समर स्पेशल ट्रेन में 25 जून से 16 जुलाई तक काफी तादाद में टिकट सभी श्रेणियों में उपलब्ध हैं।
