Gonda News : मंत्री आशीष पटेल ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां, कहा- पेपर लीक व राम मंदिर दान प्रकरण में दोषियों पर होगी कार्रवाई
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रभारी मंत्री ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां
प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल रविवार को केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने गोंडा पहुंचे। प्रेस कांफ्रेंस में प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उसकी उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही उन्होंने कहा, आगामी परीक्षाएं और अधिक सख्ती तथा पारदर्शिता के साथ कराई जाएंगी। राम मंदिर में कथित दान घोटाले के मामले पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर ट्रस्ट की मांग पर एसआईटी गठित कर दी है।
गोंडा, अमृत विचार : प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल रविवार को केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने गोंडा पहुंचे। प्रेस कांफ्रेंस में प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उसकी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण, किसान हित और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं पेपर लीक प्रकरण पर मंत्री ने कहा कि जो भी लोग इस मामले में शामिल होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस विषय को लेकर पूरी तरह गंभीर है और कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आगामी परीक्षाएं और अधिक सख्ती तथा पारदर्शिता के साथ कराई जाएंगी। राम मंदिर में कथित दान घोटाले के मामले पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर ट्रस्ट की मांग पर एसआईटी गठित कर दी है। जांच पूरी होने के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
जिले की बदहाल सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और विद्युत व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह जिला प्रशासन से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बगादुर तिवारी, महामंत्री राकेश तिवारी, तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी समेत जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अखिलेश की बेटी समाज की बेटी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के संबंध में उन्होंने कहा कि अदिति केवल अखिलेश यादव की ही नहीं बल्कि पूरे समाज की बेटी हैं। महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह द्वारा उठाए गए राम मंदिर दान प्रकरण और पेपर लीक से जुड़े सवालों पर मंत्री ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, "मैं बहुत छोटा आदमी हूं, मुझे बड़े लोगों के बीच मत घसीटिए।"
