Barabanki News : वन विभाग व ठेकेदार आमने सामने, तीखी नोंकझोंक, वीडियो वायरल, जांच समिति गठित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार : देवा वन रेंज क्षेत्र के चकिया गांव में अवैध पेड़ों की कटाई की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम और ठेकेदार पक्ष के बीच जमकर गाली गलौज व विवाद हुआ। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिनमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा हुआ। मामले की जांच के लिए समिति बना दी गई है, जो सोमवार को रिपोर्ट देगी।

जानकारी के अनुसार, 5 जून की रात डिप्टी रेंजर प्रशांत कुमार अपनी टीम के साथ चकिया गांव पहुंचे। वन विभाग का कहना है कि मौके पर अवैध कटान में प्रयुक्त लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हैड्रा मशीन मिली, जिन्हें कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।

वनकर्मियों से अभद्रता व मारपीट का आरोप

आरोप है कि रास्ते में लकड़ी के बड़े बोटे डालकर वाहन रोकने का प्रयास किया गया, वनकर्मियों से अभद्रता व मारपीट की गई। उधर बाग मालिक जगदीश, ठेकेदार अनूप सिंह आदि ने कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई। आरोप है कि कटान प्रकरण में जुर्माना निर्धारित करने के नाम पर उनसे बड़ी धनराशि की मांगी जा रही थी।

इसी को लेकर अगले दिन वन विभाग के कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हंगामा हुआ। इस दौरान धक्का-मुक्की और विवाद के वीडियो भी सामने आए हैं। डिप्टी रेंजर ने मामले में पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इस बारे में प्रभागीय वनाधिकारी सामाजिक वानिकी आकाशदीप वधावन का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में है। एसडीओ के नेतृत्व में गठित टीम मामले की जांच कर सोमवार को रिपोर्ट देगी, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार