अमरोहा में सनसनीखेज घटना : कूड़ा बीनने वालों की बस्तियां अचानक खाली, प्रशासन और खुफिया एजेंसियां सतर्क
अमरोहा। यूपी के अमरोहा जिले में पिछले कुछ दिनों से विभिन्न कस्बों और शहरी क्षेत्रों के बाहरी इलाकों में अस्थायी रूप से रह रहे कूड़ा बीनने वाले परिवार अचानक अपने ठिकानों से गायब हो गए हैं। इस अप्रत्याशित पलायन ने स्थानीय प्रशासन और खुफिया एजेंसियों का ध्यान आकर्षित किया है।
झुग्गियों और तंबू बस्तियों में पसरा सन्नाटा
जानकारी के अनुसार, सरकारी खाली मैदानों, बाईपास मार्गों के किनारे तथा रेलवे लाइनों के आसपास लंबे समय से बनी अस्थायी झुग्गियों और तंबू बस्तियों में अब सन्नाटा पसरा हुआ है। इन स्थानों पर केवल टूटे-फूटे छप्पर, प्लास्टिक का कचरा और अन्य छोड़ा हुआ सामान ही दिखाई दे रहा है।
क्या बोले स्थानीय लोगों...
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बस्तियों में रहने वाले कई परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे थे और जीविकोपार्जन के लिए कूड़ा बीनने का कार्य करते थे। हालांकि, हाल के दिनों में उनके अचानक गायब हो जाने से क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ स्थानीय निवासियों और सूत्रों का दावा है कि इन लोगों में से कई कथित रूप से पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों से आकर यहां बसे हुए थे। इसी आधार पर कुछ लोग उनके अचानक पलायन को पश्चिम बंगाल के हालिया राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इन दावों की अभी तक किसी आधिकारिक एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।
प्रशासन और खुफिया एजेंसियां जुटा में जुटीं
पुलिस और स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) पूरे मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये लोग कहां गए हैं और उनके अचानक स्थान परिवर्तन के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच एजेंसियां तथ्यों के आधार पर जानकारी जुटा रही हैं और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील भी की है। इस बीच, इन बस्तियों के अचानक खाली हो जाने से स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
