Ayodhya News : घरेलू सिलेंडर एक हजार पार, गृहणियां तिलमिलाईं, बोलीं- एक तो मिल नहीं रहा, ऊपर से बढ़ाए जा रहे दाम
अयोध्या, अमृत विचार : घरेलू सिलेंडर के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी से रामनगरी की महिलाओं में आक्रोश है। ध्यान रहे कि रविवार को एक बार फिर दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई। तीन माह में अब तक 89 रुपये की बढ़ोतरी होने के बाद एक सिलेंडर के दाम 1004 रुपये पहुंच गई है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि बढ़े दामों के बावजूद सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। महिलाएं कह रही हैं कि रसोई का सबसे जरूरी ईंधन अब महंगा ही नहीं बल्कि दुर्लभ हो गया है।
कहां है हमारी रसोई का विकास
एक तो महीने भर से सिलेंडर नहीं मिल रहा है। सरकार कहती है सबका साथ, सबका विकास, लेकिन हमारी रसोई का विकास कहां हैं? यह ऐसी मूलभूत आवश्यकता की चीज है कि इसके बिना रसोई नहीं चल सकती। सरकार को बढ़ी कीमतों को वापस लेनी चाहिए.. श्रुति तिवारी, पहाड़गंज।
एक तो मिल नहीं रहा, ऊपर से दाम बढ़ा दिए
सिलेंडर लेने के लिए पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। सिलेंडर डिलीवरी वाले भी कह रहे हैं स्टॉक नहीं है। एक तो नहीं मिल रहा, ऊपर से दाम बढ़ा दिए। हम तो सोच रहे हैं लकड़ी या गोबर के चूल्हे पर वापस लौट आएं, लेकिन शहर में वो भी मुश्किल है... मंजू पांडेय, अंजनीपुरम।
दाम बढ़ाने से पहले तो उपलब्धता सुनिश्चित करें
सिलेंडर के लिए पहले कभी इतनी समस्या नहीं हुई। अब हर महीने नया झंझट। सिलेंडर बुक करने पर भी 15-20 दिन लग जाते हैं। दाम बढ़ाने से पहले तो उपलब्धता सुनिश्चित कर लें। हमारी जेब पर सीधा बोझ पड़ रहा है... शिवानी शुक्ला, बैंक लेन देवकाली।
खर्च के साथ मुश्किलें भी बढ़ी
मैं नौकरी करती हूं। घर आकर खाना बनाना मुश्किल हो गया है। गैस बुक कराने के बाद एक सप्ताह बाद डीएसी नंबर आ रहा है, उसके 8 से 10 दिन बाद सप्लाई हो रही है। खर्च ही नहीं बल्कि हमारी मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
मंजरी श्रीवास्तव, शक्ति नगर।
