Gonda News : जनकल्याण शिविर का विधायक ने किया शुभारंभ, कहा- सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

करनैलगंज-परसपुर में जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का विधायक ने किया शुभारंभ

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकास खंड करनैलगंज और परसपुर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ।

करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकास खंड करनैलगंज और परसपुर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अजय सिंह ने कहा कि जनकल्याण शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सके।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है और विकास, सुरक्षा तथा सम्मान का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

cats

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर आमजन को जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकों ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाओं का वितरण भी किया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

cats

इस अवसर पर परियोजना निदेशक एवं प्रभारी बीडीओ सुशील पाण्डेय, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार, एडीओ पंचायत राजेश वर्मा, एडीओ आईएसबी राकेश गुप्ता, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विद्याभूषण द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य संतोष सिंह (मुन्ना भैया), स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार