Fake IPS Caught in Lucknow : लखनऊ में फर्जी आईपीएस पकड़ा, चाय वाले से पैसों का झगड़ा और सिपाहियों से बोला-सैल्यूट करो
लखनऊ में चाय की दुकान पर विवाद के दौरान पकड़े गए फर्जी आईपीएस अधिकारी ने पहले तो पुलिसवालों को अपनी हनक दिखाई। उन्हें सैल्यूट करने को बोला। लेकिन सिपाही अड़ गए और वह शांति के साथ उससे पूछताछ करते रहे। आखिर में हकीकत सामने आ गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर एफआईआर दर्ज की है।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक फर्जी आईपीएस (IPS) अधिकारी चाय वाले के बाद पुलिस पर रौब झाड़ते पकड़ा गया है। खुद को नोएडा का अधिकारी बताकर पहले तो उसने लखनऊ पुलिस पर हनक जमाई। दरोगा और सिपाहियों से सैल्यूट करने को कहा। लेकिन सिपाहियों ने इनकार कर दिया ये कहते हुए कि बिना वर्दी में सैल्यूट नहीं कर सकता। तीखी बहस के बाद फर्जी आईपीएस के तेवर पस्त पड़ गए। असलियत सामने आने पर लखनऊ के महानगर थाने में फर्जी आईपीएस के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
https://twitter.com/AmritVichar/status/2066732424105693448/video/1
घटनाक्रम महानगर थाना क्षेत्र के गोला मार्केट का है। यहां वीरू नामक युवक की चाय की दुकान है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने वहां चाय पी और बन-मक्खन खाया। रुपयों लेकर चायवाले के साथ विवाद हो गया। शिकायत पर पुलिस पहुंची तो व्यक्ति रौब झाड़ने लगा, जिसका वीडियो वायरल हो गया है।

चाय पीने वाले व्यक्ति ने खुद को आईपीस ऑफिसर बताते हुए कहा कि वह नोएडा में तैनात है। पुलिस वालों के आईडी मांगने पर बोला कि मुझे सैल्यूट करो। सिपाही कहता है कि मैं वर्दी में ही सैल्यूट करूंगा। इस बीच वह सिपाही से सिर पर टोपी न लगाने के बारे में पूछता है।
पुलिस को उसकी हरकतों पर शक हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई है। लखनऊ के मड़ियाव क्षेत्र की भरतनगर कॉलोनी में रहता है। पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
दरोगा ने लिखाई एफआईआर
महानगर थाने में तैनात दरोगा आर्यन शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा कि, मैं सिपाही वीरेंद्र सिंह के साथ गोला मार्केट में गश्त पर था। रात को चाय की दुकान पर विवाद की सूचना मिली। जब वहां पहुंचकर पूछताछ की तो एक व्यक्ति ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताया और सैल्यूट करने को कहा। उसकी हरकतों पर शक हुआ तो पूछताछ की गई।
सुबह आकर दिखा दूंगा आई कार्ड
-महानगर पुलिस ने जब उससे आईकार्ड दिखाने को कहा कि तो बोला, अभी मेरे पास आईकार्ड नहीं है। सुबह आकर दिखा दूंगा। बहरहाल, पुलिस की जांच में वह फर्जी पाया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर, उसे हिरासत में ले लिया।
