Barabanki News: रानीगंज भट्ठा चौराहे पर शराब दुकान में चोरी, डेढ़ लाख रुपये नकदी समेत शराब और एलसीडी गायब
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार: रामनगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सूरतगंज-महादेवा मार्ग स्थित रानीगंज भट्ठा चौराहे पर सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक देशी शराब की दुकान का शटर तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, शराब की पेटियां और एलसीडी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रानीगंज भट्ठा चौराहे पर लाइसेंसधारी प्रमिला सिंह की देशी शराब की दुकान संचालित है। दुकान के सेल्समैन संतोष ने बताया कि सोमवार की बिक्री के लगभग 90 हजार रुपये, कैंटीन के 25 हजार रुपये तथा करीब 30 हजार रुपये की रेजगारी दुकान में रखी थी। देर रात करीब तीन बजे चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी, देशी शराब तथा एक एलसीडी चोरी कर फरार हो गए।
6.png)
बताया जाता है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की केबल काट दी, ताकि उनकी पहचान न हो सके। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा तो इसकी सूचना दुकान संचालकों को दी। सूचना मिलते ही लाइसेंसधारी के पार्टनर उमा सिंह मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और नकदी सहित अन्य सामान गायब मिला।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि चोरों ने कैमरों की केबल काट दी थी, लेकिन दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। फुटेज में चोर मुंह पर गमछा बांधे हुए नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
