Mathura News: अधिक मास में ब्रज में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 दिन में 6.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे मथुरा

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

ब्रज, मथुरा, अमृत विचार। पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के दौरान ब्रज में श्रद्धालुओं की आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। 17 मई से 15 जून तक चले 30 दिनों के इस विशेष धार्मिक पर्व में देश-विदेश से 6.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु मथुरा पहुंचे। महज एक महीने में पहुंचे भक्तों की संख्या पिछले कई वर्षों के वार्षिक आंकड़ों के करीब पहुंच गई।

परिक्रमा में रिकॉर्ड भीड़

ब्रज में उमड़ा आस्था का सैलाब  (1)

अधिकारियों के अनुसार, सबसे ज्यादा करीब 3 करोड़ श्रद्धालुओं ने ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा की। वहीं 2.50 करोड़ से अधिक भक्तों ने गोवर्धन स्थित गिरिराज पर्वत की सात कोस परिक्रमा पूरी की। मथुरा, वृंदावन और बरसाना में भी श्रद्धालुओं का भारी सैलाब देखने को मिला। करीब 1 करोड़ भक्तों ने बरसाना पहुंचकर लाड़लीजी मंदिर में दर्शन किए।

व्यवस्थाओं की चुनौती

श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या के कारण जिला प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं पर दबाव बना रहा। इसके बावजूद पूरे अधिक मास के दौरान आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। प्रशासन ने लगातार निगरानी रखकर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को संभाला।

ब्रज में उमड़ा आस्था का सैलाब  (2)

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद रावत ने बताया कि सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। परिक्रमा मार्गों पर 25 निरीक्षक, 60 उपनिरीक्षक और 350 से अधिक पुलिसकर्मी लगाए गए। भविष्य में बढ़ती भीड़ को देखते हुए नई पुलिस चौकियां और पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने की योजना भी बनाई जा रही है।

ये भी पढ़ें:- मथुरा जेल में अब कान्हा की पोशाक और मुकुट के साथ बनेंगी सुंदर मालाएं, महिला बंदियों को मिली ट्रेनिंग

संबंधित समाचार