बरेली से सीधे भर सकेंगे गोवा की उड़ान! बढ़ती मांग के बाद जल्द हो सकता है बड़ा फैसला

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

यात्री सुविधा दिवस पर गूंजा विकास का संदेश, देश में सातवीं रैंकिंग पर पहुंचा बरेली एयरपोर्ट

बरेली, अमृत विचार। गोवा के लिए बरेली से सीधी हवाई सेवा शुरू होने की जोरशोर से तैयारी शुरू हो गई है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती मांग और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए बरेली टू गोवा उड़ान पर जल्द फैसला संभव है। ऐसा होता है तो बरेली मंडल के हजारों यात्रियों को पर्यटन और व्यावसायिक यात्रा के लिए बड़ी राहत मिलेगी।

बरेली एयरपोर्ट के एयरपाेर्ट डायरेक्टर अवधेश कुमार अग्रवाल बताया केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर बरेली एयरपोर्ट पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जबकि सफाई कर्मियों को गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। महिला कर्मचारियों को भी सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट परिसर में पौधारोपण किया गया और "वंदे मातरम्" थीम पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। छात्राओं के लिए निबंध प्रतियोगिता और कस्टमर सर्विस गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बरेली एयरपोर्ट लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश के एयरपोर्टों में यात्री सुविधाओं के आधार पर बरेली को पहला स्थान मिला है, जबकि देशभर में इसकी रैंकिंग सातवीं रही है। पांच में से 4.93 अंक हासिल कर एयरपोर्ट ने उत्कृष्ट सेवाओं का प्रमाण दिया है।

2021 से लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या
8 मार्च 2021 को उद्घाटन के बाद से बरेली एयरपोर्ट लगातार प्रगति कर रहा है। वर्ष 2024-25 में जहां 1,21,843 यात्रियों ने हवाई यात्रा की थी, वहीं यह संख्या बढ़कर 1,28,170 तक पहुंच गई है। बढ़ती यात्री संख्या एयरपोर्ट की लोकप्रियता और सुविधाओं में सुधार का संकेत है।

अब कई बड़े शहरों से जुड़ा बरेली
वर्तमान में बरेली एयरपोर्ट से नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और जेवर (नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट) के लिए उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं। एयरपोर्ट प्रशासन का मानना है कि यदि यात्री मांग इसी तरह बढ़ती रही तो गोवा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल के लिए भी जल्द उड़ान सेवा शुरू हो सकती है।
यात्रियों की उम्मीदें बढ़ीं

गोवा के लिए संभावित उड़ान सेवा जल्द शुरू किए जाने का प्रस्ताव दिया गया है। अफसरों का कहना है कि अभी गोवा जाने के लिए दिल्ली या अन्य शहरों का सहारा लेना पड़ता है। बरेली से सीधी उड़ान शुरू होने पर समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

संबंधित समाचार