Kushinagar News: कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा: टैंकर की टक्कर से दंपति समेत 3 की मौत, बेटी गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

कुशीनगर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा रामकोला थाना क्षेत्र में हुआ, जहां एक टैंकर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई।

आमने-सामने की टक्कर में उजड़ गया परिवार

पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब सात बजे रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही निर्भया गांव के पास हुआ। कप्तानगंज की ओर से आ रही मोटरसाइकिल और नेबुआ की तरफ से आ रहे टैंकर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार रामलखन मद्धेशिया (38) और उनके 11 वर्षीय बेटे रौनक मद्धेशिया की मौके पर ही मौत हो गई।

कुशीनगर हादसे में दंपति समेत 3 की मौत (2)

अस्पताल में पत्नी ने तोड़ा दम, बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही

हादसे में रामलखन की पत्नी शशिकला (35) और बेटी लाडो (14) भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शशिकला को मृत घोषित कर दिया, जबकि लाडो की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

कुशीनगर हादसे में दंपति समेत 3 की मौत

टैंकर कब्जे में, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खड्डा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

ये भी पढ़ें:- UP Weather: आज 45°C वाले टॉर्चर से मिलेगी राहत या जारी रहेगा हीटवेव का सितम? जानें अपने शहर का हाल

संबंधित समाचार