Bareilly News : आ रहे सीएम...सड़क, सीवर, सफाई पर प्रशासन ने झोंकी पूरी ताकत
मुख्य चौराहों और मार्गों पर सफाई व सौंदर्यीकरण का अभियान जारी
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के संभावित बरेली दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट हो गया है। नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने शहर की सूरत बदलने के लिए संयुक्त रूप से एक महा-सफाई अभियान की शुरुआत की है। मुख्य रास्तों, डिवाइडर और प्रमुख चौराहों को चमकाने के लिए विशेष टीमों को मुस्तैद किया गया है। बरेली कालेज गेट पर अधूरे सीवर लाइन आदि कामों में तेजी आ गई है।
नगर निगम के कर्मचारी सुबह से लेकर देर रात तक सड़कों से कचरा हटाने, झाड़ियों की छंटाई करने और डिवाइडरों की धुलाई के साथ-साथ रंग-रोगन के काम में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही, जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए सीवर और पेयजल लाइनों की मरम्मत का काम भी युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। दूसरी ओर, बीडीए प्रशासन रामायण वाटिका, साइंस पार्क और रुद्रावनम जैसी अपनी महत्वाकांक्षी और प्रस्तावित परियोजनाओं की तरफ जाने वाले मार्गों को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दे रहा है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के मुताबिक, इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी जोनों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो केवल सफाई ही नहीं बल्कि सड़कों के किनारे से अवैध अतिक्रमण हटाने और यातायात को व्यवस्थित करने का काम भी कर रही हैं ताकि सीएम के आगमन पर शहर की भव्य तस्वीर सामने आ सके।
मुख्य सड़कों और वीआईपी रूटों पर नजर
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर निगम शहर की मुख्य सड़कों के किनारों से अवैध कब्जे हटा रहा है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के निर्देशों पर शहर के सभी चारों जोनों में विशेष टीमें सक्रिय हैं, जो सड़कों पर व्यापार फैलाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। नगर आयुक्त ने साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
