गोंडा-लखनऊ मार्ग पर टला बड़ा हादसा, झपकी आने से टिन शेड में घुसी जिला उद्योग अधिकारी की कार
गोंडा, अमृत विचार: परिवार के साथ जरवल से लौट रहे जिला उद्योग अधिकारी की कार मंगलवार की सुबह गोंडा-लखनऊ मार्ग पर फोर्बिसगंज चौराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने टिनशेड में जा घुसी। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि टिनशेड के नीचे खड़ी एक बाइक और इंजन भी टूट गए। हालांकि एयरबैग खुल जाने से कार सवार अधिकारी और उनके परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए।
बाइक व कार का इंजन क्षतिग्रस्त, दुकानदारों को भारी नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिनशेड को भी नुकसान पहुंचा और स्थानीय दुकानदारों को आर्थिक क्षति हुई। जिला उद्योग अधिकारी बाबूराम यादव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जरवल से गोंडा लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें अचानक लगा कि वाहन के सामने कोई कुत्ता आ गया है। इसी दौरान उन्हें हल्की झपकी आ गई, जिससे कार पर नियंत्रण नहीं रह सका और वह सड़क किनारे बने टिनशेड में जा घुसी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय वह स्वयं वाहन चला रहे थे और कार में कोई चालक नहीं था।
एयरबैग खुलने से हादसे में सुरक्षित बचा पूरा परिवार
एयरबैग खुल जाने के कारण सभी लोग सुरक्षित रहे तथा किसी को गंभीर चोट नहीं आई। उन्होंने कहा कि वाहन सामान्य गति से चल रहा था, लेकिन अचानक हुए घटनाक्रम के चलते हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। हादसे में स्थानीय दुकानदारों को नुकसान हुआ है। टिन शेड उखडकर गिर गया और शेड के नीचे खड़ी बाइक व इंजन क्षतिग्रस्त हो गए।
