Team India 'A' में बड़ा बदलाव: श्रीलंका में ट्राई-सीरीज के बीच चोटिल युद्धवीर सिंह बाहर, BCCI ने इस आईपीएल स्टार को किया शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ: श्रीलंका की मेजबानी में खेली जा रही त्रिकोणीय (ट्राई) सीरीज के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडिया 'A' टीम के स्क्वाड में एक बड़ा और अचानक बदलाव किया है। कप्तान तिलक वर्मा की अगुवाई में खेल रही भारतीय टीम के तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। चयन समिति ने उनकी जगह आईपीएल में अपनी रफ्तार से प्रभावित करने वाले गेंदबाज अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया है।

लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही है टीम

इस त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया 'A' का प्रदर्शन अब तक काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। भारत ने अपने पहले मैच में मेजबान श्रीलंका को पटखनी दी थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे अफगानिस्तान के खिलाफ करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके बाद तीसरा मैच टाई रहा, जिसका फैसला सुपर ओवर में हुआ और वहां भी भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे नाजुक मोड़ पर टीम में यह बदलाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कंधे की चोट के चलते बाहर हुए युद्धवीर सिंह

बीसीसीआई द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह के दाहिने कंधे में समस्या थी। उन्होंने 11 जून को फील्डिंग सत्र और फिर 13 जून को गेंदबाजी के दौरान कंधे में तेज दर्द की शिकायत की थी। मेडिकल टीम ने विशेषज्ञों से सलाह मशविरे के बाद बताया कि युद्धवीर 'राइट रोटेटर कफ' (कंधे की मांसपेशी) की चोट से ग्रसित हैं।

चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत बेंगलुरु स्थित 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) भेजा जाएगा, जहां वे डॉक्टरों की देखरेख में अपने रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम (रिकवरी प्रक्रिया) से गुजरेंगे।

 अशोक शर्मा
अशोक शर्मा
आईपीएल स्टार अशोक शर्मा को मिला मौका

युद्धवीर की जगह टीम में शामिल हुए अशोक शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आईपीएल में खेले 6 मैचों में उन्होंने 6 विकेट चटकाए थे, लेकिन अपनी धारदार और किफायती गेंदबाजी से उन्होंने सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा था। इंडिया 'A' का अगला मुकाबला 17 जून को अफगानिस्तान से होना है, जिसमें अशोक शर्मा को प्लेइंग इलेवन में डेब्यू का मौका मिल सकता है।

ट्राई-सीरीज के लिए अपडेटेड इंडिया 'A' स्क्वाड

तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय, अशोक शर्मा।



संबंधित समाचार