रामपुर जिला कारागार में टांडा निवासी बंदी की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मंगलवार सुबह तबीयत खराब के चलते जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया

रामपुर, अमृत विचार। मंगलवार सुबह रामपुर जिल कारागार में बंद टांडा निवासी 38 वर्षीय बंदी फैसल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत खराब के चलते उसे मंगलवार सुबह ही जिला अस्पताल इमरजेंसी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना गंज पुलिस और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों को भी फोन कर बुलाया गया है। टांडा के मोहल्ला मस्जिद कोहना निवासी फैसल को 14 जून 2026 से जेल में बंद था। उसके भाई अर्शी ने बताया कि फैसल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था और नशे का आदी था। 13 जून को टांडा पुलिस उसे घर से ले गई थी और अगले दिन 14 जून को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। जेल अधीक्षक राजेश यादव ने बताया कि फैसल को थाना टांडा पुलिस ने आईपीसी की धारा 323 और 504 के मामले में 14 जून को जिला जेल में दाखिल कराया था।

जेल में तबीयत खराब होने पर चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब छह बजे हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधीक्षक ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। थाना प्रभारी टांडा संजय मिश्रा ने जानकारी दी कि वर्ष 2014 के एक मामूली मारपीट और कहासुनी के मामले में न्यायालय से फैसल के खिलाफ वारंट जारी था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि बंदी फैसल को सुबह 6:55 बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार