Agra Drug Raid: आगरा में FSDA की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस गोदामों से 63 लाख की अवैध और सरकारी दवाएं जब्त
63 लाख की अवैध दवाएं जब्त, बिना लाइसेंस गोदाम हुए उजागर- मई-जून में 3.63 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध दवाओं पर कार्रवाई
लखनऊ/आगरा, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने आगरा में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 63 लाख रुपये से अधिक मूल्य की दवाएं जब्त की हैं। तीन अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज कर कई अवैध गोदामों को सील किया गया है। कार्रवाई के दौरान नकली, फिजिशियन सैंपल और सरकारी आपूर्ति की दवाओं का अवैध भंडारण और बिक्री सामने आई।
एफएसडीए आयुक्त के नेतृत्व में 25 औषधि निरीक्षकों की विशेष टीमों ने 12 से 14 जून के बीच खिन्नी गली, फव्वारा, संजय प्लेस, कमला नगर समेत प्रमुख दवा बाजारों में 20 से अधिक फर्मों, गोदामों और आवासीय परिसरों की जांच की। जांच में कई स्थानों पर कोल्ड चेन के गंभीर उल्लंघन और बिना लाइसेंस दवा भंडारण के मामले पकड़े गए।
एफएसडीए के अनुसार मई और जून में आगरा में अब तक 3.63 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध, नकली और सरकारी आपूर्ति की दवाएं जब्त की जा चुकी हैं। कुल चार एफआईआर दर्ज कर औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने दवा मंडी के सभी थोक प्रतिष्ठानों के सत्यापन और निष्क्रिय लाइसेंस निरस्त करने के भी निर्देश दिए हैं।
