Admission 2026: लखनऊ में UG-PG दाखिले का एक और मौका, विश्वविद्यालय ने बढ़ाई आवेदन की तारीख

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ के कॉलेजों और विश्वविद्यालय में दाखिला लेने की इच्छा रखने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) और परास्नातक (PG) पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया है। ऐसे छात्र जो किसी कारणवश अब तक अपना पंजीकरण नहीं करा सके थे, उनके पास अब प्रवेश पाने का एक और सुनहरा मौका है।

स्नातक आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

लखनऊ विश्वविद्यालय के सत्र 2026-27 की केंद्रीयकृत प्रवेश व्यवस्था के अंतर्गत आनलाइन स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया में ऑनलाइन प्रवेश फार्म भरने की अंतिम तिथि को भी 15 जून से बढ़ाकर 22 जून कर दिया गया है।

LU ने PG प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

लखनऊ विश्वविद्यालय के सत्र 2026-27 की केंद्रीयकृत प्रवेश व्यवस्था के अंतर्गत आनलाइन परास्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया में ऑनलाइन प्रवेश फार्म भरने की अंतिम तिथि 15 जून से बढ़ा कर 25 जून कर दिया गया है।

आवेदन की तिथि बढ़ाने की विद्यार्थी परिषद ने की मांग

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा लखनऊ विश्वविद्यालय में परास्नातक प्रवेश फॉर्म की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की मांग को लेकर प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव को ज्ञापन सौंपा गया। विद्यार्थी परिषद ने अपने ज्ञापन में अवगत कराया कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विभिन्न तकनीकी समस्याओं, दस्तावेजों की उपलब्धता में विलंब तथा अन्य प्रशासनिक कारणों से निर्धारित समयावधि में आवेदन प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में अनेक योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से वंचित हो सकते हैं, जो छात्रहित के प्रतिकूल होगा। इकाई उपाध्यक्ष आदर्श मिश्रा ने मांग की कि विद्यार्थियों की सुविधा एवं व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए परास्नातक प्रवेश फॉर्म की अंतिम तिथि को यथाशीघ्र विस्तारित किया जाए।

भाषा विवि ने बढ़ाई प्रवेश की अंतिम तिथि

ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को और सुगम बनाते हुए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिकांश पाठ्यक्रमों में पंजीकरण एवं प्रवेश हेतु समर्थ पोर्टल को 30 जून 2026 तक खुला रखने का निर्णय लिया है। प्रवेश समन्वयक प्रो. सौबान सईद ने जानकारी दी कि बीबीए, एमबीए, बीसीए, एमसीए, बीफार्मा, डीफार्मा, बीटेक (सभी शाखाएं), एमटेक (सभी शाखाएं), बीए, एलएलबी, बीकॉम और बीएससी (बायोटेक्नोलोजी) को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन एवं पंजीकरण कर सकते हैं।

अब 30 जून तक छात्र-छात्राएं कर सकते हैं आवेदन

विश्वविद्यालय द्वारा शेष पाठ्यक्रमों के लिये 5 जून से डायरेक्ट एडमिशन (सीधे प्रवेश) की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है। इस व्यवस्था के तहत बी.ए., एम.कॉम, एम.ए. (इतिहास, उर्दू, शिक्षा, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी आदि), बी.एससी. (बायोटेक्नोलॉजी), बीजेएमसी, एमजेएमसी और एलएलएम जैसे पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जा रहा है। प्रभारी कुलसचिव विकास ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।

स्पोर्ट्स कॉलेज प्रवेश की मेरिट सूची जारी

उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित मुख्य चयन परीक्षा की मेरिट सूची जारी कर दी है। चयनित खिलाड़ियों को 3 से 6 जुलाई तक निर्धारित केंद्रों पर मेडिकल जांच और अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया में शामिल होना होगा। मेरिट सूची और प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, खेल उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज के साथ अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ मौजूद होना अनिवार्य होगा। मेरिट सूची में 6, 9 और 11 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों का विभिन्न खेल विधाओं के लिए चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन और शारीरिक दक्षता के आधार पर आयोजित हुई। 

3 से 6 जुलाई तक सत्यापित होंगे मेडिकल और दस्तावेज

मेडिकल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के लिए खेलों को तीन केंद्रों में विभाजित किया गया है। एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट और फुटबॉल के खिलाड़ियों की जांच मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय और स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में होगी। जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, वॉलीबॉल और कुश्ती के खिलाड़ियों का चिकित्सीय परीक्षण मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के साथ स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में कराया जाएगा।

वहीं कबड्डी, तैराकी, हैंडबॉल, बॉक्सिंग और भारोत्तोलन के खिलाड़ियों को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के साथ ही स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई में मेडिकल परीक्षण और अभिलेख सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा। कॉलेज प्रशासन ने सभी चयनित खिलाड़ियों से समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मौजूद रहने की अपील की है।

B.Pharma प्रवेश सीयूईटी यूजी से होंगे

लखनऊ विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 में बीफार्मा पाठ्यक्रम में प्रवेश सीयूईटी यूजी 2026 की मेरिट से लिए जाएंगे। विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट आफ फार्मेसी में संचालित बीफार्मा पाठ्यक्रम में प्रवेश सीयूईटी मेरिट के आधार होंगे। जिन अभ्यर्थियों ने सीयूईटी यूजी 2026-27 की परीक्षा दी है वे लखनऊ विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.lkouniv.ac.in के समर्थ पोर्टल पर आवेदन करें। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून से बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें  : 
कैंपस का पहला दिन : स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी की सीख 

संबंधित समाचार