बांदा में बड़ा हादसा : चंद्रावल नदी में डूबने से सगे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बांदा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की चंद्रावल नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना जसपुरा थाना क्षेत्र के गौरी कला गांव की है। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गौरी कला निवासी रमाशंकर विश्वकर्मा की बेटी माधुरी (13) और बेटा अंश (10) अपने रिश्तेदार प्रतीक (13) के साथ चंद्रावल नदी में स्नान करने गए थे। प्रतीक कानपुर नगर जिले के घाटमपुर का रहने वाला था और इन दिनों अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। स्नान के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

गोताखोरों के काफी प्रयास के बाद नदी से बरामद हुए शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने का है। सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटे बच्चों को अकेले नदी, तालाब और नालों के पास न जाने दें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके। एक ही परिवार के दो बच्चों समेत तीन मासूमों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

संबंधित समाचार