लखनऊ में योग दिवस से पहले विशेष कार्यक्रम, नगर निगम पार्कों में योग, गोमती की लहरों पर सजा सुरम्य संगम; 3 राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

झंडी पार्क में होगा मुख्य कार्यक्रम, महापौर पार्षदों संग करेंगी योग एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, योग प्रशिक्षक कराएंगे योग क्रिया

लखनऊ, अमृत विचार : 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लखनऊ नगर निगम अपने पार्कों में योग का आयोजन करेगा। मुख्य कार्यक्रम नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित झंडी पार्क में होगा। जिसमें महापौर सुषमा खर्कवाल नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद एवं नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों संग योग करेंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिल्ली में योग करेंगे। अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन ने बताया कि इस कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखने के लिए पार्क में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके अलावा नगर निगम ने शहर के विभिन्न पार्कों में योग के आयोजन के लिए योग प्रशिक्षकों को तैनात किया है, जो स्थानीय लोगों को कार्यक्रम के दौरान योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन और अभ्यास कराएंगे।

अधिकारी सफाई व्यवस्था का करेंगे निरीक्षण

नगर निगम के सभी आठों जोन में स्थित विभिन्न पार्कों में योग कार्यक्रम के दौरान मंत्री, सांसद, विधायक, एमएलसी और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसे देखते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गयी है। अधिकारी जोन के दो वार्डों में पार्कों और मार्गों की सफाई व्यवस्था का पर्यवेक्षण करेंगे। 19 और 20 जून को सुबह 6 बजे से अधिकारी फील्ड पर सफाई व्यवस्था देखने निकलेंगे। गंदगी और कमी पाये जाने पर तत्काल सुधार कराएंगे।

गोमती की लहरों पर सजा योग का सुरम्य संगम

Untitled design (10)

लखनऊ विश्वविद्यालय में योग संकाय की ओर से 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम श्रृंखला के तहत गोमती नदी में नाव पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक वातावरण में योग के महत्व और नदी तट व सूर्योदय के समय योगाभ्यास के लाभों के प्रति जागरूक करना रहा। संकाय कोआर्डिनेटर डॉ. अमरजीत यादव ने कहा कि भारतीय योग परंपरा में प्रकृति के सान्निध्य में योगाभ्यास को विशेष महत्व दिया गया है।

उन्होंने बताया कि शांत जल के बीच नाव पर योग करने से एकाग्रता बढ़ती है और मानसिक तनाव कम होता है। नदी की प्राकृतिक ध्वनियां, खुला वातावरण और शुद्ध वायु मन को संतुलन प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि सूर्योदय के समय योगाभ्यास शरीर की जैविक घड़ी को संतुलित करने, ऊर्जा बढ़ाने और दिनभर की कार्यक्षमता में सुधार करने में सहायक होता है। प्राकृतिक वातावरण में प्राणायाम फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के साथ मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन प्रदान करता है।

इन्होंने किया जलयोग

योग विभाग के शिक्षक शोभित सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में विभाग के विद्यार्थियों और योग साधकों ने सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान दीपा श्रीवास्तव, कैलाश कुमार, मोनिका सिंह, अर्चना सिंह, रुचि धवन, आशा राजवंशी, अर्चना वर्मा, अंकिता गौतम, दीपशिखा, व्याख्या सिंह, शिवांगी और अनामिका सिंह सहित कई प्रतिभागी उपस्थित रहे।

अंतिम चरण में बीबीएयू में योग दिवस की तैयारियां 

Untitled design (11)

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में योग विभाग एवं योग वेलनेस सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में विगत एक माह से विविध योग संबंधी कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, जागरूकता अभियानों एवं अभ्यास सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय परिवार इस संपूर्ण अभियान को योग महोत्सव के रूप में मना रहा है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिदिन आयोजित योग सत्रों में कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। इन सत्रों में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में योग साधक एवं साधिकाएं उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।

प्रदेश में होंगी तीन राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं

आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग प्रदेशभर में तीन राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी आयुष विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।

स्लोगन, चित्रकला और योगासन प्रतियोगिता 

आयुर्वेद विभाग के निदेशक डॉ.नारायण दास के अनुसार स्लोगन लेखन, योग चित्रकला और योगासन वीडियो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। स्लोगन प्रतियोगिता में हिंदी में दो से चार पंक्तियों का स्लोगन लिखना होगा। योग चित्रकला प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को चार्ट पेपर पर हाथ से पोस्टर बनाना होगा, जबकि योगासन प्रतियोगिता में अधिकतम एक मिनट का वीडियो प्रस्तुत करना होगा।

प्रथम पुरस्कार में 21 हजार, दृितीय 11 हजार, तृतीय 5100 

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में आमजन भाग ले सकेंगे। इसके लिए इच्छुक प्रतिभागी आयुष विभाग के पोर्टल पर प्रतियोगिता अनुभाग में जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 11 हजार रुपये, तृतीय को 5100 रुपये, चतुर्थ को 2100 रुपये तथा पंचम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 1100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
विदेशों में बढ़ा UP के आमों का क्रेज : बेल्जियम चखेगा 'लंगड़ा' और 'लखनऊवा' की रवाना होगी 1 टन की पहली खेप

संबंधित समाचार