Bareilly News : टाइम्स हायर एजुकेशन की रेटिंग में चमका रूहेलखंड विश्वविद्यालय
लंदन स्थित टाइम्स हायर एजुकेशन सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट की विश्व रेटिंग्स में मिला स्थान, 801-1000 रैंक बैंड में शामिल, यूपी में प्रथम और देश भर में 67 वां स्थान मिला
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबाफुले रूहेलखंड यूनिवर्सिटी के एक और कामयाबी हाथ लगी है। लंदन स्थित टाइम्स हायर एजुकेशन सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट रेटिंग्स-2026 में विश्वविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन किया। रेटिंग्स में संयुक्त राष्ट्र के सभी 17 सतत विकास लक्ष्यों में सहभागिता दर्ज की। विश्व के 1603 उच्च शिक्षण संस्थानों में विश्वविद्यालय को 54.9 अंक (100 में से) मिले। समग्र रूप से 801-1000 रैंक-बैंड में स्थान मिला है।
खास बात ये कि महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों में पहला और देश में 67वां स्थान प्राप्त किया। कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने बताया कि विभिन्न एसडीजी लक्ष्यों में विश्वविद्यालय का प्रदर्शन कबिले तारीफ है। एसडीजी-1 (गरीबी उन्मूलन) में विश्वविद्यालय को 601-800 रैंक बैंड, जबकि एसडीजी-2 (भूखमुक्त विश्व) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 201-300 रैंक बैंड प्राप्त हुआ। एसडीजी-3 (अच्छा स्वास्थ्य एवं कल्याण) में विश्वविद्यालय को 1001 , व एसडीजी-4 (गुणवत्तापूर्ण शिक्षा) में 601-800 रैंक बैंड प्राप्त हुआ। इसी प्रकार एसडीजी-5 (लैंगिक समानता) में विश्वविद्यालय को 801-1000, एसडीजी-6 (स्वच्छ जल एवं स्वच्छता) में 401-600, एसडीजी-7 (सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा) में 601-800, व एसडीजी-8 (सम्मानजनक कार्य एवं आर्थिक विकास) में 601-800 रैंक बैंड प्राप्त हुआ।
इन क्षेत्रों में भी पाया मुकाम
विश्वविद्यालय को एसडीजी-9 (उद्योग, नवाचार एवं अवसंरचना), एसडीजी-11 (सतत शहर एवं समुदाय), एसडीजी-12 (उत्तरदायी उपभोग एवं उत्पादन), एसडीजी-13 (जलवायु कार्रवाई) व एसडीजी-15 (स्थलीय जीवन) में 401-600 रैंक बैंड प्राप्त हुआ। वहीं एसडीजी-10 (असमानताओं में कमी), एसडीजी-14 (जलमंडलीय जीवन) व एसडीजी-16 (शांति, न्याय एवं सशक्त संस्थान) में विश्वविद्यालय ने 301-400 रैंक बैंड अर्जित किया।
