गोंडा में मगरमच्छ ने मजदूर को जबड़ों में दबोचा, साथी मजदूर की बहादुरी से बची जान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- सोनौली मोहम्मदपुर के पास बांध निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा - गंभीर घायल मजदूर अस्पताल में भर्ती, हादसे का विडियो वायरल

गोंडा, अमृत विचार: घाघरा नदी के किनारे भिखारीपुर-सकरौर बांध पर कार्य कर रहे एक मजदूर पर गुरुवार को उस समय मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जब वह नदी के किनारे काम कर रहा था। मगरमच्छ ने मजदूर को अपने जबड़ों में दबोच लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

साथी मजदूर के सहस ने बचा ली जान  

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोनौली मोहम्मदपुर के निकट हुए इस हादसे के दौरान साथ काम कर रहे एक मजदूर ने साहस का परिचय देते हुए हथौड़े से मगरमच्छ पर लगातार कई वार किए। अचानक हुए इस प्रतिरोध से मगरमच्छ ने घायल मजदूर को छोड़ दिया और नदी की ओर भाग गया। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने घायल को सुरक्षित बाहर निकाला।

तत्काल अस्पताल में कराया गया भर्ती 

मगरमच्छ के हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ग्रामीणों में दहशत का माहौल 

घटना के बाद बांध पर कार्यरत मजदूरों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि घाघरा नदी क्षेत्र में मगरमच्छों की मौजूदगी पहले भी देखी जाती रही है, लेकिन इस तरह का हमला चिंता का विषय है। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पूरा मंजर 

इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मगरमच्छ के चंगुल से मजदूर को छुड़ाने की कोशिश और मौके पर मची अफरा-तफरी दिखाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

वन विभाग से ग्रामीणों ने की सुरक्षा की मांग 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बांध निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और नदी किनारे कार्य करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा गश्त और बचाव संसाधनों की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ये भी पढ़ें  : 
खेत की रखवाली करने गए किसान की मौत, फसल की सुरक्षा में लगे तारों में करंट ने ली जान 

संबंधित समाचार