वेनेजुएला तबाही पर भारत ने बढ़ाया हाथ, पीएम मोदी बोले- इस संकट के समय साथ खड़े
काराकास। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आये भूकंप के कारण हुए हादसों में 32 हो गयी है, जबकि करीब 700 लोग घायल हुए हैं। इस हादसे में हताहत लोगों की संख्या में और इजाफा होने की आशंका है। कार्यवाहक राष्ट्रपति ने हादसे की व्यापकता को देखते हुए देश में इमरजेंसी लगा दी है।
वेनेजुएला में मची तबाही से दुखी हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वेनेजुएला में आये विनाशकारी भूकंप के कारण जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है तथा भारत की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की है।
पीड़ित परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना
PM मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर वेनेजुएला में आये भीषण भूकंप में जानमाल के नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री ने लिखा,
"वेनेजुएला में आये भीषण भूकंपों से हुई तबाही से मैं बेहद दुखी हूं। भारत की जनता की ओर से मैं वेनेजुएला सरकार और जनता, विशेषकर उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और इस मुश्किल समय में सभी प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।
अमेरिकी संस्था यूएसजीएस ने बताया कि कहा कि एक भूकंप के तुरंत बाद ही दूसरा भूकंप आया। ये दो भूकंप वेनेजुएला के मोरोन शहर से 16 किलोमीटर और सैन फेलिप से 24 किलोमीटर दूर बुधवार शाम 6:04 बजे (भारतीय समयानुसार गुरुवार तड़के 3:34 बजे) आये। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 7.2 और 7.5 मापी गयी।
इससे राजधानी काराकस सहित कई इलाकों में भारी तबाही हुई है भूकंप के झटके पूरे देश में और कोलंबिया सहित लैटिन अमेरिका के अन्य हिस्सों में भी महसूस किये गये।
अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्रों के अनुसार, अब सुनामी का कोई खतरा नहीं है। देश भर में स्कूलों में कक्षाएं एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दी गयी हैं, और रेल सेवाएं और गैर-जरूरी गतिविधियां अस्थायी रूप से रद्द कर दी गयी हैं। काराकस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अस्थायी रूप से बंद है। वेनेजुएला के सुरक्षा बलों सहित सैकड़ों कर्मचारी अब संकट से निपटने के लिए मौके पर मौजूद हैं।
