श्रमिक की संदिग्ध हालत में मौत, शराब ठेके के पीछे पड़ा मिला शव, बहन से मिलने सूरत से आया था मृतक, जांच में जुटी पुलिस
गोंडा, अमृत विचार। सूरत से अपनी बहन से मिलने आया एक प्रवासी मजदूर गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। बल्लीपुर स्थित कम्पोजिट शराब ठेके के पीछे खेत के किनारे उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के बल्लीपुर गांव में ग्रामीणों ने सुबह शराब ठेके के पीछे कंटीले तार के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान सुधई राजभर (42) पुत्र लहोरी राजभर निवासी भरपुरवा मजरा वीरपुर थाना छपिया के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि सुधई राजभर सूरत में रहकर मजदूरी करता था। वह बुधवार को सूरत से सीधे अपनी बहन के घर पेरीपोखर पहुंचा था, लेकिन बहन के किसी रिश्तेदारी में जाने के कारण उससे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वह वापस लौट गया। रातभर उसके घर न पहुंचने पर परिजन चिंतित थे। गुरुवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि सुधई शराब पीने का आदी था। परिजनों का अनुमान है कि वह शराब पीने के लिए ठेके पर आया होगा। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
सुधई के माता-पिता और पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी कोई संतान भी नहीं है। परिवार में उसके दो विवाहित भाई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें :
Gonda News: पुराने सरयू पुल के पास मजदूर की संदिग्ध मौत, झाड़ियों में सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी
