Rampur News : सरिया-सीमेंट व्यापारी की दुकान में हुई दो लाख रुपये की चोरी
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच-पड़ताल
बिलासपुर, अमृत विचार। चोरों ने नैनीताल हाईवे पर एक व्यापारी की सरिया-सीमेंट की दुकान को निशाना बनाते हुए डेढ़ लाख रुपये की नकदी समेत दो लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं व्यापारी ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की हैं।
मोहल्ला साहूकारा निवासी मयंक अग्रवाल उर्फ मनी की रामपुर रोड स्थित आव्या आयरन एंड सीमेंट स्टोर के नाम से सरिया-सीमेंट का कारोबार करते हैं। बुधवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर लगी लोहे की ग्रील टूटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए। कर्मचारियों ने तत्काल व्यापारी को सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह, उपनिरीक्षक केशू शर्मा टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही मौका-मुआयना कर व्यापारी से चोरी गए सामान की जानकारी ली। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए। पीड़ित व्यापारी के अनुसार, दुकान के गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी तथा 40 चांदी के सिक्के चोरी हो गए हैं। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
