गोंडा: साइबर ठगी का शिकार हुआ व्यापारी, महीनों बाद भी कार्रवाई के नाम पर मिला सिर्फ 'आश्वासन'
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से साइबर अपराध का एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के मसकनवा कस्बे के निवासी और एक व्यापारी पुनीत कुमार साइबर ठगों के जाल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके हैं। पीड़ित का आरोप है कि घटना के महीनों बीत जाने के बाद भी पुलिस और साइबर क्राइम सेल की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे वे मानसिक और आर्थिक रूप से टूट चुके हैं।
मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 75 हजार रुपये
पीड़ित पुनीत कुमार के अनुसार, यह घटना 9 मार्च 2026 की है, जब शातिर साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगाते हुए करीब 75,000 रुपये पार कर दिए। एक सीमित आय वाले परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम का जाना किसी बड़े झटके से कम नहीं था।
थानों के चक्कर काट रहा पीड़ित
पुनीत कुमार का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद सतर्कता दिखाते हुए साइबर क्राइम सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय छपिया थाने में भी लिखित तहरीर दी थी।
"कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन मामले में कोई स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई है। जब भी पुलिस या संबंधित अधिकारियों से बात की जाती है, तो केवल यही आश्वासन मिलता है कि रकम वापस आ जाएगी। लेकिन जांच कहां तक पहुंची और दोषी कौन हैं, इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी जा रही।" - पुनीत कुमार (पीड़ित व्यापारी)
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की जा रही है और जल्द से जल्द व्यापारी का पैसा वापस हो जाएगा।
यह भी पढ़ेंः गोंडा में मगरमच्छ ने मजदूर को जबड़ों में दबोचा, साथी मजदूर की बहादुरी से बची जान
