वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, 32 की मौत और 700 से अधिक घायल; कई देश राहत सहायता के लिए आए आगे

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

काराकस। वेनेजुएला में बुधवार शाम लगातार दो शक्तिशाली भूकंप आए जिससे कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई और 700 से अधिक लोग घायल हो गए। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने यह जानकारी दी। 

वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता का भीषण भूकंप

अधिकारियों के अनुसार, 7.2 और 7.5 तीव्रता के ये दोनों भूकंप कल शाम छह बजे के बाद आए, जिससे कई प्रांतों में भारी नुकसान हुआ। बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। 

'आर्मी' और 'बचाव दल' मलबे में तलाश रहे जिंदगी

रॉड्रिगेज ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए आपातकाल की घोषणा की और कहा कि कई क्षेत्रों में इमारतें ढह गई हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी काराकस के उत्तर में स्थित ला गुएरा क्षेत्र भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित है, जिसे "आपदा क्षेत्र" घोषित किया गया है। 

उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा की वजह से दर्जनों इमारतें ढह गई हैं और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भूकंप के चलते काराकस के पास स्थित सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद करना पड़ा, जबकि मेट्रो और गैस सेवाएं भी रोक दी गईं। 

अधिकारियों ने बताया कि स्कूलों को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और कुछ स्कूल भवनों का इस्तेमाल राहत शिविरों व सहायता केंद्रों के तौर पर किया जाएगा। भूकंप का असर पड़ोसी देशों तक महसूस किया गया, और ब्राजील के अमेजन क्षेत्र में भी कई इमारतों को खाली कराया गया। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि उनका देश तत्काल खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता वेनेजुएला के लिए भेज रहा है। 

इन देशों ने मदद का हाथ बढ़ाया 

कई देशों... अर्जेंटीना, ब्राजील, चिली, मैक्सिको, इक्वाडोर, बोलीविया और अन्य ने भी वेनेजुएला को सहायता देने की पेशकश की है। रॉड्रिगेज ने बताया कि कतर से बचाव दल पहले ही रवाना हो चुके हैं, जबकि मैक्सिको और अल साल्वाडोर से भी टीमें पहुंचने वाली हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि भूकंप के दौरान इमारतें जोर-जोर से हिलने लगीं और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कई स्थानों पर बिजली और मोबाइल नेटवर्क बाधित हो गया, जिससे स्थिति और कठिन हो गई। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। बचाव दल लगातार राहत और खोज अभियान चला रहे हैं।

खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा-मानवीय सहायता भेजेगा अमेरिका

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि भूकंप प्रभावित वेनेजुएला को अमेरिका तत्काल खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता भेज रहा है। रुबियो ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के अनुसार, बुधवार शाम लगातार आए शक्तिशाली भूकंपों में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई और 700 से अधिक लोग घायल हो गए। रोड्रिगेज ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई है। अधिकारियों ने बताया कि 7.2 और 7.5 तीव्रता के इन भूकंपों के बाद बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।

ये भी पढ़ें  : 
Japan Earthquake : 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप से तोक्यो तक हिली धरती; सुनामी का खतरा नहीं

संबंधित समाचार