गोंडा में विकास की रफ्तार तेज : CM योगी ने 4901 करोड़ की विकास परियोजनाओं को दी हरी झंडी, 810 ग्रामीण सड़क परियोजनाएं स्वीकृत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 मार्ग विकसित होंगे

गोंडा, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा दौरे के दौरान देवीपाटन और बस्ती मंडल के लिए बड़े विकास पैकेज को मंजूरी देते हुए 4901.65 करोड़ रुपये की एक हजार से अधिक परियोजनाओं पर मुहर लगा दी। महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सड़क, पुल, सेतु, संपर्क मार्ग, हेलीपैड और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर विस्तार से मंथन किया।

मुख्यमंत्री ने मां पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ, स्वामीनारायण मंदिर, मखौड़ा धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 महत्वपूर्ण मार्गों के विकास को स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक बेहतर संपर्क व्यवस्था से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। बैठक में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती तथा बस्ती मंडल के बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जिलों की सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने लंबित कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 810 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर 1472.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन कार्यों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में 1602 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

इसके अलावा 50 से अधिक सड़कों के चौड़ीकरण और विशेष मरम्मत कार्य भी कराए जाएंगे। बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की लगभग 50-50 करोड़ रुपये लागत वाली विकास परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से संवाद कर सड़क, पुल, संपर्क मार्ग और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की स्थिति जानी तथा जनहित से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

cats

समीक्षा के दौरान दो राज्य राजमार्गों, 81 लघु सेतुओं, सात बड़े पुलों तथा औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बाईपास और ओवरब्रिज परियोजनाओं पर भी सहमति बनी। ग्रामीण क्षेत्रों में 12 हेलीपैड निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

सीएम ने बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत तेज करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरदौपट्टी संपर्क मार्ग, पंडितपुरवा-नहवा-परसौरा मार्ग, सुभानपुर-बेलवानोहर मार्ग, हट्टीपुरवा-कुढ़ियाव संपर्क मार्ग और चांदपुरडीहा मार्ग समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति भी जानी। करीब दो घंटे तक चली बैठक में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, डीएम प्रियंका निरंजन,लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा दोनों मंडलों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज