'कुमकुम भाग्य' फेम अभिनेत्री संचिता उगले ने किया सुसाइड, पंखे से लटका मिला शव; पिता ने कही ये बड़ी बात

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

पालघर। टीवी जगत से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आ रही है। लोकप्रिय धारावाहिक 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेर चुकीं महज 22 वर्षीय युवा अभिनेत्री संचिता उगले ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। 

नालासोपारा स्थित घर में पंखे से लटका मिला शव

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। वह 22 वर्ष की थीं। एक अधिकारी के अनुसार, संचिता ने रविवार की शाम करीब सात बजे नालासोपारा स्थित अपने घर में छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि संचिता घर पर अकेली थीं। पुलिस अधिकारी ने बताया, "घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। 

मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल पर हमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। अभिनेत्री के पिता ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि उन्हें इस मामले में किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी का कोई शक नहीं है। वे संचिता की मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं मान रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है और 'आकस्मिक मृत्यु' (Accidental Death) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर संचिता ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।

22 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह देने वाली संचिता उगले टीवी और बॉलीवुड का एक उभरता हुआ चेहरा थीं। संचिता टीवी धारावाहिक 'कुमकुम भाग्य' में दीया टंडन की भूमिका निभाने के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने पूर्व में कहा था कि इस किरदार को हासिल करना उनके जीवन का एक बड़ा मोड़ साबित हुआ, जिसने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई और उनके अभिनय करियर को नई दिशा दी। 

विक्की कौशल और मनोज वाजपेयी जैसे बड़े सितारों संग कर चुकी थीं काम

संचिता ने कुछ फिल्मों में भी काम किया था। उन्होंने विक्की कौशल अभिनीत फिल्म 'छावा' में तारा रानी के युवा रूप का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह चर्चित अभिनेता मनोज वाजपेयी के साथ 'साइलेंस 2 : द नाइट आउल बार शूटआउट' में भी नजर आई थीं। 

 

ये भी पढ़ें  : 
'5 साल स्क्रिप्टिंग और 2 साल रिसर्च', ऐसे बन रही है सोहम शाह की 'Tumbbad 2', पोस्ट से खुला राज

 

 

संबंधित समाचार