वाराणसी दालमंडी चौड़ीकरण: छह मस्जिदें परियोजना की जद में, करीमुल्लाह बेग मस्जिद से ध्वस्तीकरण शुरू
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण परियोजना के तहत ध्वस्तीकरण अभियान तेज हो गया है। परियोजना की जद में आई छह मस्जिदों में से बुधवार को चौक थाना क्षेत्र के पीछे स्थित करीमुल्लाह बेग मस्जिद की दीवारों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
प्रशासन ने संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री बल की तैनाती की है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जा रही है। ध्वस्तीकरण स्थल के आसपास टीन शेड लगाकर घेराबंदी की गई है ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।
पांच मस्जिदों के मुतवल्लियों ने दी सहमति
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के अनुसार, करीमुल्लाह बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद के मुतवल्लियों ने परियोजना के लिए अपनी सहमति दे दी है। विभाग ने बताया कि प्रभावित हिस्सों के लिए जी-3 मानकों के अनुसार क्षतिपूर्ति दी जाएगी।
वहीं, लंगड़ा हाफिज मस्जिद के संबंध में संबंधित पक्षों से बातचीत जारी है। परियोजना के तहत इन सभी मस्जिदों के केवल वे हिस्से प्रभावित होंगे जो प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की सीमा में आते हैं।
181 से अधिक भवन चिह्नित
शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 650 मीटर लंबे दालमंडी मार्ग को लगभग 17.5 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए 181 से अधिक भवनों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से 100 से अधिक भवनों का ध्वस्तीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है।
