गोंडा में 150 स्कूलों के प्रधानाचार्यों की समीक्षा बैठक, नामांकन से छात्रवृत्ति तक सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

डीआईओएस ने 'स्कूल चलो अभियान' के दूसरे चरण को सफल बनाने पर दिया जोर, यू-डायस, अपार आईडी, ट्रैक शिक्षा पोर्टल और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की समीक्षा

गोंडा: नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. रामचन्द्र ने बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के करीब 150 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में छात्र नामांकन, छात्रवृत्ति, यू-डायस प्लस, अपार आईडी और नियमित पठन-पाठन समेत विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

डीआईओएस ने बताया कि 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलने वाले 'स्कूल चलो अभियान' के दूसरे चरण को प्रभावी तरीके से संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए कि कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों का नामांकन ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर समय से अपलोड किया जाए तथा यू-डायस प्लस पर लंबित डेटा प्रोग्रेशन की सभी प्रविष्टियां जल्द पूरी की जाएं। साथ ही प्रत्येक छात्र की अपार आईडी (APAAR ID) भी समयबद्ध रूप से तैयार की जाए।

सरकारी पोर्टलों पर लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान, स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र को परिवहन निगरानी पोर्टल पर अपलोड करने, कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण तथा छात्रवृत्ति योजना से संबंधित आईएनओ (INO) और एचओआई (HOI) स्तर की लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित पठन-पाठन पर फोकस

डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों से कहा कि नए सत्र में शासन की निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नियमित शिक्षण कार्य संचालित किया जाए और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिला समन्वयक समग्र शिक्षा (माध्यमिक) उत्तम कुमार मल्ल, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राधामोहन पाण्डेय, मंडलीय संरक्षक अजीत सिंह सहित जिले के लगभग 150 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार