राम मंदिर चढ़ावा विवाद: BJP विधायक अनिल सिंह के बयान पर मचा बवाल, अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

उन्नाव की पुरवा सीट से भाजपा विधायक अनिल सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में आरोपियों को लेकर दिया विवादित बयान, सरकार की जांच और गिरफ्तारियों का भी किया जिक्र।

लखनऊ/उन्नाव। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अनिल सिंह का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्नाव जिले की पुरवा विधानसभा से विधायक अनिल सिंह कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी में शामिल लोगों को "कैंसर होगा" और वे "दर्दनाक मौत मरेंगे"।

बताया जा रहा है कि यह बयान उन्होंने रविवार को मौरावां में आयोजित भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान दिया। वायरल वीडियो में विधायक कहते हैं कि जिन्होंने भगवान राम के मंदिर से चोरी की है, उन्हें भगवान की ओर से सजा मिलेगी और एक वर्ष के भीतर उन्हें कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हो जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार अपने स्तर पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी, जबकि भगवान राम उन्हें ऐसी सजा देंगे कि उनकी आने वाली पीढ़ियां भी इस घटना को याद रखेंगी।

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले की जांच जारी

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं का मामला पहले से ही राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में है। मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

एसआईटी की जांच के आधार पर अब तक अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर उर्फ तिन्नू यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है।

हालांकि, विपक्षी दलों का आरोप है कि कार्रवाई केवल निचले स्तर के लोगों तक सीमित है, जबकि मुख्य आरोपियों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है।

समाजवादी पार्टी पर भी साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनिल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता जमीन कब्जाने, गरीबों के राशन में अनियमितता करने और जरूरतमंदों के अधिकारों से उन्हें वंचित करने जैसे मामलों में शामिल रहे हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच का सामना कर रहे हैं और अब भगवान राम का नाम लेने के लिए मजबूर हैं।

यह भी पढ़ेंः Ram Mandir Donation Case: दान-पात्रों की गिनती के लिए था सख्त प्रोटोकॉल, नियमों की अनदेखी से खुला हेराफेरी का रास्ता!

संबंधित समाचार