Bahraich News: 66.11 लाख की लागत से बनी चमचमाती सड़क पर फिरा पानी, जल जीवन मिशन ने खोदी नई मुसीबत
भूपगंज बाजार की नवनिर्मित 4 मीटर चौड़ी आरसीसी सड़क के नीचे बगल से की जा रही खुदाई बरसात में मिट्टी खिसकने से धंस सकती है सड़क, भारी वाहनों के कारण बड़े हादसे की आशंका
बहराइच। क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी के विशेष प्रयासों और शासन स्तर पर पैरवी के बाद जिस महत्वपूर्ण मार्ग को ₹66.11 लाख का भारी-बजट देकर चमचमाती 4 मीटर चौड़ी आरसीसी सड़क में बदला गया था, उसे अब जल जीवन मिशन की लापरवाही निगलने में जुटी है। जिस सड़क का कुछ ही समय पहले विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया था, उसे अब बगल से खोदकर पाइप लाइन सही करने के नाम पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त किया जा रहा है।
विभागीय तालमेल की इस भारी कमी के कारण जनता के टैक्स के लाखों रुपये पानी में बहने की कगार पर हैं स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में इस मनमानी को लेकर गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन, मुख्य डाकघर, ब्लॉक मुख्यालय, पशु चिकित्सालय और सरकारी विद्यालय जैसे अति-महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ने वाली इस सड़क का जीर्णोद्धार पिछले कई वर्षों के बाद हुआ था नियमानुसार पाइप लाइन सुधारने का काम सड़क बनने से पहले होना चाहिए था।
लेकिन यहाँ चमचमाती आरसीसी सड़क बनने के ठीक बाद उसके नीचे और बगल से खुदाई का खेल शुरू कर दिया गया है पाइप लाइन के लिए की जा रही खुदाई के बाद वहाँ केवल खानापूर्ति के लिए मिट्टी डाली जा रही है। आगामी बरसात में पानी पड़ते ही मिट्टी नीचे खिसकेगी, जिससे ₹66.11 लाख की यह भारी-भरकम आरसीसी सड़क बीच से टूटकर बैठ जाएगी इस मुख्य मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों, स्कूली बसों और मालवाहकों का आना-जाना लगा रहता है।
सड़क के खोखले होने के कारण कभी भी कोई बड़ा वाहन पलट सकता है, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने का अंदेशा है विधायक ने इस मार्ग के शिलान्यास पर इसे क्षेत्र के सम्मान की बहाली बताया था। लेकिन जल जीवन मिशन के ठेकेदारों की इस मनमानी से साफ है कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर जनता की सुविधा के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है स्थानीय लोगो का कहना है कि नई बनी सड़क को इस तरह बर्बाद करना सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाना है। इस मामले में उच्चाधिकारियों को संज्ञान लेना चाहिए ताकि समय रहते सड़क को धंसने से बचाया जा सके और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो।
