Bahraich News : समाधान दिवस में पहुंचे सैकड़ों फरियादी, जमीन कब्जे की शिकायतों पर डीएम का सख्त एक्शन, कहा- भू-माफियाओं को भेजें जेल
पैतृक जमीन पर कब्जे का प्रयास, कार्रवाई की मांग
बहराइच के पयागपुर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 104 शिकायतें पहुंचीं। अधिकांश मामले जमीन कब्जा और पैमाइश से जुड़े रहे। डीएम अक्षय त्रिपाठी ने भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर और जेल भेजने के निर्देश दिए।
पयागपुर (बहराइच)। तहसील पयागपुर में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। टीईटी परीक्षा के कारण शनिवार को स्थगित हुआ यह कार्यक्रम जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जहां कुल 104 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सबसे अधिक मामले जमीन पर अवैध कब्जा, पैमाइश और चकमार्ग अतिक्रमण से जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी या निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले किसी भी भू-माफिया या दबंग को बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष पैमाइश करे। यदि कोई कार्रवाई में बाधा डाले तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाए।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी तोड़ी गई बाउंड्री, डीएम से लगाई गुहार
ग्राम गंगा जमुनी (थाना विशेश्वरगंज) निवासी प्रदीप कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि गाटा संख्या-430 पर उच्च न्यायालय, लखनऊ के आदेश के बावजूद कुछ लोगों ने उनकी पक्की बाउंड्रीवाल तोड़कर टिन शेड रख दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी उनकी पैतृक जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, जिससे परिवार की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।
पैतृक जमीन पर कब्जे का प्रयास, कार्रवाई की मांग
ग्राम विलरवा निवासी देवशरण मिश्र ने शिकायत करते हुए बताया कि उनकी पैतृक भूमि पर गांव के कुछ लोग अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट और धमकी दी जाती है। उन्होंने राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश कराकर जमीन सुरक्षित कराने की मांग की।

चकमार्ग और सड़क पर कब्जे से ग्रामीणों में नाराजगी
ग्राम झाला तरहर (मलूक सिंह पुरवा) के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क और परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत की। उनका आरोप था कि पूर्व में पैमाइश के दौरान लगाए गए सरकारी खूंटे भी उखाड़ दिए गए हैं। वहीं ग्राम रायडीह निवासी हजुरी प्रसाद ने आरोप लगाया कि चकमार्ग को ट्रैक्टर से जोतकर खेत में मिला लिया गया है, जिससे आम रास्ता बाधित हो गया है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
डीएम ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भूमि विवादों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडेय, तहसीलदार अंबिका चौधरी, खंड विकास अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव, पूर्ति निरीक्षक ललित पाठक, विद्युत एसडीओ सुनील कुशवाहा, थानाध्यक्ष दीपक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
