LIVERam Mandir Trust Meeting : चंपत राय और अनिल मिश्रा ने क्यों दिया इस्तीफा? VHP अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताई वजह
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक संपन्न हुई। करीब तीन घंटे चली बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक के बाद ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने मीडिया को जानकारी दी। यहां पढ़ें हर बड़ा अपडेट...
राम मंदिर के आभूषण ट्रस्ट ने किए प्रदर्शित
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने सोमवार को श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए आभूषणों का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदिर में भक्तों की ओर से अर्पित सभी कीमती आभूषण पूरी तरह सुरक्षित हैं। ट्रस्ट की बैठक के बाद आभूषणों को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कर यह संदेश दिया गया कि श्रद्धालुओं की ओर से दान की गई मूल्यवान वस्तुओं का सुरक्षित संरक्षण किया जा रहा है। हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी के मामले के बीच ट्रस्ट ने इस पहल के जरिए पारदर्शिता और श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखने का प्रयास किया।
https://twitter.com/AHindinews/status/2074127590877782320/video/1
चंपत राय और अनिल मिश्रा ने निष्पक्ष जांच के लिए दिया इस्तीफा : आलोक कुमार
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में ट्रस्ट का पक्ष रखते हुए कहा कि चढ़ावा चोरी की घटना से सभी ट्रस्टी बेहद आहत हैं और इसे दुर्भाग्यपूर्ण मानते हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही सरकार से एसआईटी गठित करने का आग्रह किया गया था। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आने के बाद प्राथमिकी दर्ज हुई और अब जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
आलोक कुमार ने चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर उठ रहे सवालों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आशंका जता रहे थे कि दोनों पद पर बने रहे तो जांच प्रभावित हो सकती है। ऐसी किसी भी आशंका को खत्म करने और जांच की निष्पक्षता पर सवाल न उठें, इसलिए दोनों ने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया, जिसे ट्रस्ट ने स्वीकार कर लिया। फिलहाल कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया कि भगवान रामलला को दान में मिली सभी कीमती वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। साथ ही आरोप लगाने वालों से अपील की कि यदि उनके पास कोई दस्तावेज़ या साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक बयान देने के बजाय एसआईटी को उपलब्ध कराएं, ताकि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर पूरी हो सके तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।
चंपत राय बैठक में नहीं थे- महंत कमल नयन दास
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने बताया कि ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की बैठक में गोपाल राव को नहीं बुलाया गया था, जबकि पूर्व महासचिव चंपत राय भी बैठक में उपस्थित नहीं रहे।
दोषियों को न्यायोचित दंड दिलाना मेरी प्राथमिकता : कृष्ण मोहन
पूर्व आईएफएस अधिकारी एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का अंतरिम महासचिव नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी प्रकरण के सभी दोषियों को न्यायोचित दंड दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी। कृष्ण मोहन ने कहा कि उनका पहला प्रयास मंदिर की व्यवस्था में मौजूद सभी कमियों (लूपहोल) को दूर करना होगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण से ट्रस्ट की छवि प्रभावित हुई है और लोगों के मन में जो अविश्वास पैदा हुआ है, उसे पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाओं के माध्यम से दोबारा विश्वास में बदला जाएगा।
https://twitter.com/AHindinews/status/2074126973010575474
चढ़ावा चोरी से हम सभी आहत- गोविंद देव गिरि
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना से सभी ट्रस्टी आहत और दुखी हैं। उन्होंने कहा कि चोरी कितनी बड़ी या छोटी थी, यह बाद की बात है, सबसे बड़ा सवाल यह है कि मंदिर में ऐसा माहौल कैसे बना। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए निर्धारित तिथि से पहले ट्रस्ट की बैठक बुलाई गई। गोविंद देव गिरि ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि चंपत राय का मानना था कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी और उन्हें उचित सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनके लिए पद पर बने रहना उचित नहीं है। इसी भावना से उन्होंने त्यागपत्र दिया। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य एवं विधिवेत्ता के. पाराशरण ने बैठक में स्पष्ट किया कि ट्रस्ट के संविधान के अनुसार, इस्तीफा सौंपे जाने के साथ ही उसे प्रभावी माना जाता है।
कृष्ण मोहन बने राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने बताया कि ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने तक कृष्ण मोहन ट्रस्ट के कार्यों का संचालन करेंगे। गोविंद देव गिरि ने विश्वास जताया कि कृष्ण मोहन अपने सहयोगियों के साथ पूरी कुशलता और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
22 जुलाई को होगी ट्रस्ट की अगली बैठक
कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने कहा कि 22 जुलाई को एक बार फिर हम बैठेंगे। हम उम्मीद करते हैं तब तक एसआईटी की फ़ाइनल रिपोर्ट आ जाएगी। उस बैठक में हम नए न्यासी की नियुक्ति भी करेंगे।
गोविंद देव गिरि बोले- चंपत राय ने दिखाई उदारता
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए चंपत राय और अनिल मिश्रा ने त्यागपत्र दिया है। उन्होंने बताया कि चंपत राय का मानना था कि जब तक चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी नहीं पकड़े जाते, तब तक पद पर बने रहना उचित नहीं होगा। गोविंद गिरि ने कहा कि ट्रस्ट ने उनकी वर्षों की सेवा का सम्मान करते हुए उनके इस उदार निर्णय को स्वीकार किया है।
ट्रस्ट की जिम्मेदारी कृष्ण मोहन को, बने अंतरिम महासचिव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में महासचिव चंपत राय के इस्तीफे पर चर्चा के बाद ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन को अंतरिम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने तक महासचिव का कार्यभार संभालेंगे। बैठक में कुछ सदस्यों ने चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार न करने की बात कही, लेकिन वरिष्ठ सदस्य के. पाराशरण की राय के बाद अंतरिम व्यवस्था पर सहमति बनी। ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।
