Bareilly News : सिटी सब्जी मंडी के पास हटाया अतिक्रमण
नगर निगम की टीम ने वसूला तीन हजार रुपये जुर्माना
बरेली, अमृत विचार। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। सोमवार को प्रभारी सच्चिदानंद के नेतृत्व में टीम ने सिटी सब्जी मंडी के पास अवैध अतिक्रमण हटाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध रूप से फड़ और ठेले लगाने वाले दुकानदारों में खलबली मच गई। कई लोगों ने स्वयं अपना सामान हटा लिया।
मौके पर ही तीन हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी ने सभी दुकानदारों और ठेले वालों को हिदायत दी कि दोबारा दुकानें सजाई गईं, तो सामान जब्त कर लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि शहर के अन्य प्रमुख बाजारों और व्यस्त चौराहों पर भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा, ताकि आम जनता को रोज-रोज लगने वाले भीषण जाम से हमेशा के लिए निजात मिल सके।
