UP Electricity Bill Relief: जुलाई में बिजली बिल होगा सस्ता, उपभोक्ताओं को मिलेगा 358 करोड़ रुपये का फायदा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

उत्तर प्रदेश में जुलाई 2026 के बिजली बिलों पर 4.43% की राहत लागू हुई है। जानें एफपीपीसीए के तहत करोड़ों उपभोक्ताओं को मिलने वाला 358.31 करोड़ रुपये का लाभ और पूरी जानकारी।

लखनऊः उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए जुलाई महीने की शुरुआत राहत भरी खबर लेकर आई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए जुलाई माह के बिजली बिलों पर एफपीपीसीए (ईंधन एवं बिजली खरीद लागत समायोजन) के तहत 4.43 प्रतिशत की राहत लागू कर दी है।

यह राहत पिछले 14 महीनों में मिलने वाला सबसे बड़ा एफपीपीसीए लाभ मानी जा रही है। इस फैसले से प्रदेश के उपभोक्ताओं को कुल 358.31 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ मिलने का अनुमान है।

क्यों मिली बिजली बिल में राहत?

उपभोक्ता परिषद के अनुसार, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा बिजली खरीद की निर्धारित दर 4.94 रुपये प्रति यूनिट तय की गई थी, जबकि अप्रैल 2026 में वास्तविक बिजली खरीद लागत 4.78 रुपये प्रति यूनिट रही। निर्धारित लागत की तुलना में वास्तविक लागत कम रहने के कारण उपभोक्ताओं को एफपीपीसीए के तहत 4.43 प्रतिशत की राहत दी गई है।

एफपीपीसीए प्रक्रिया में पारदर्शिता का असर

उपभोक्ता परिषद का कहना है कि एफपीपीसीए की प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियामक आयोग द्वारा नियमों का सख्ती से पालन कराने का सकारात्मक परिणाम अब उपभोक्ताओं को मिलने लगा है।

परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि आयोग ने 23 जून 2026 को जारी अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि एफपीपीसीए की गणना केवल संबंधित माह की वास्तविक बिजली खरीद लागत और ट्रांसमिशन शुल्क के आधार पर ही की जाएगी।

अतिरिक्त वसूली का मामला भी आयोग के समक्ष

अवधेश कुमार वर्मा ने इस निर्णय को उपभोक्ताओं की कानूनी लड़ाई की महत्वपूर्ण सफलता बताया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता परिषद पिछले 14 महीनों में कथित 2,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली का मुद्दा भी आयोग के समक्ष उठा चुकी है और इस मामले में भी कार्रवाई की मांग की गई है।

जुलाई माह में लागू हुई 4.43 प्रतिशत की राहत से प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर कम बिजली बिल का लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ेंः UPTET Admit Card 2026: आज डाउनलोड करें टीईटी का एडमिट कार्ड, जानें डायरेक्ट प्रोसेस, एग्जाम पैटर्न और पासिंग मार्क्स

संबंधित समाचार