राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- 'जनआस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा'

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

देवरिया से सीएम योगी का संदेश: SIT रिपोर्ट मिलते ही शुरू हुई कार्रवाई

देवरिया: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर कहा कि विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट मिलते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनआस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने लाई जाएगी।

देवरिया में 456 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा शुरू से ही स्पष्ट रही है कि "दूध का दूध और पानी का पानी" किया जाएगा।

विपक्ष पर बोला हमला

मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक पक्ष पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाता था और अयोध्या को ही नकारने की कोशिश करता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का न्यायालय में लगातार विरोध किया गया और इसके खिलाफ वकीलों की फौज खड़ी की गई।

उन्होंने कहा कि दूसरा पक्ष वही है, जो पहले "जय श्रीराम" के उद्घोष पर लाठी और गोली चलाने का आरोप झेलता था, लेकिन अब वही लोग आस्था के साथ खिलवाड़ होने की बात कर रहे हैं।

'हमें आस्था का पाठ मत पढ़ाइए'

मुख्यमंत्री ने कहा, "जो लोग राम नवमी के दौरान दंगे करवाते थे, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर प्रतिबंध लगाते थे, कांवड़ यात्रा नहीं निकलने देते थे और दुर्गा पूजा के समय अशांति फैलाते थे, वे आज आस्था की बात कर रहे हैं।"

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसने देश को केवल लूटा ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और बेईमानी के नए कीर्तिमान स्थापित किए। ऐसे लोगों द्वारा अयोध्या और राम मंदिर पर सवाल उठाना स्वीकार्य नहीं है।

साक्ष्य हों तो SIT के सामने रखें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने पहले ही दिन साफ कर दिया था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और सच्चाई सामने लाई जाएगी।

उन्होंने अपील करते हुए कहा, "राम भक्तों की आस्था की परीक्षा मत लीजिए। यदि किसी के पास तथ्य और प्रमाण हैं तो उन्हें विशेष जांच दल (SIT) के सामने प्रस्तुत करें। बिना साक्ष्य के आरोप-प्रत्यारोप करना बंद किया जाए।"

बिना नाम लिए केजरीवाल पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिना नाम लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली से एक नेता अयोध्या आए हैं। दिल्ली की जनता ने उन्हें कई वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन उन्होंने राजधानी को भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली में भी वही विकास कार्य हुए होते, जैसे डबल इंजन सरकार ने अयोध्या में किए हैं, तो आज दिल्ली भी अयोध्या धाम की तरह विकसित और चमकती दिखाई देती।

यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों की साजिश का खुलासा, करोड़ों की हेराफेरी की जांच तेज, जानें कैसे बनता था पूरा प्लान

संबंधित समाचार