चित्रकूट में तेजी से बन रहा श्रीराम वाटिका ईको पार्क, श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रकृति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- 11.38 करोड़ की परियोजना का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा

लखनऊ/चित्रकूट, अमृत विचार : रामायण सर्किट के तहत चित्रकूट को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है, श्री राम वाटिका ईको पार्क तेजी से आकार ले रहा है। 11.38 करोड़ रुपये की इस परियोजना का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। गणेशबाग क्षेत्र के बगरेही गांव के निकट विकसित हो रहा यह ईको पार्क पर्यटकों को प्रकृति, संस्कृति और भगवान राम से जुड़ी विरासत का अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत पार्क की बाउंड्री वॉल का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। रबर फ्लोरिंग युक्त पाथवे, पर्यटक सुविधा केंद्र, बैठने के लिए चेयर-बेंच, कलात्मक इंस्टॉलेशन तथा बच्चों के खेल उपकरणों के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। ईको पार्क में लाल बलुआ पत्थर से भगवान राम की वनगमन यात्रा को दर्शाने वाले आकर्षक म्यूरल्स विकसित किए जा रहे हैं। 

परियोजना के तहत कैफेटेरिया और सामूहिक बैठकों के लिए गजेबो स्पेस भी तैयार किए जा रहे हैं, जिनका लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा 200 से 250 लोगों की क्षमता वाला ओपन-एयर एम्फीथिएटर बनाया जा रहा है, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भगवान राम के वनवास काल पर आधारित प्रोजेक्शन मैपिंग शो का आयोजन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  : 
मकान की छत पर स्टोर में आग, सकरी गली में नहीं पहुंची दमकल; फायर एक्सटिंग्यूशर की मदद से पाया काबू

 

संबंधित समाचार